छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में कांग्रेस पार्षद ने बीजेपी पार्षद को थप्पड़ मार दिया। दोनों गुरुवार को नगर निगम में आयोजित सामान्य सभा की बैठक में शामिल हुए थे। बैठक में चर्चा चल रही थी। इसी दौरान दोनों के बीच में किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि कांग्रेस पार्षद ने जाकर थप्पड़ जड़ दिया। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आया है।
महापौर हेमा देशमुख ने सामान्य सभा की बैठक बुलाई थी। इस बैठक में महापौर, नेता प्रतिपक्ष, बीजेपी-कांग्रेस के पार्षद समेत निर्दलीय पार्षद शामिल हुए थे। इस बैठक में शहर विकास के लिए 17 विषयों पर चर्चा होनी थी। बैठक शुरू होने के बाद चर्चा शुरू भी हो गई थी। मगर जैसे ही चर्चा शुरू हुई दोनों दलों के पार्षदों ने हंगामा शुरू कर दिया।
राजनांदगांव नगर निगम के समान्य सभा म जमके हाथापाई #shorts #rajnandgaon @RajnandgaonDist pic.twitter.com/swlOYtjRzU
— news36live (@news36live) August 25, 2022
हंगामे के बाद अचानक से कांग्रेस पार्षद संतोष पिल्ले अपनी सीट से उठे और बीजेपी पार्षद गगन आईच की तरफ चले गए और बहस करने लगे। इसके बाद संतोष ने गगन को थप्पड़ जड़ दिया। इतने में दूसरे पार्षदों ने बीच बचाव किया। दोनों को समझाया गया। जिसके बाद दोनों अपनी-अपनी जगह पर गए। इस बीच दोनों दलों के पार्षदों का हंगामा जारी रहा।
अब इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आ गया है। हालांकि सभापति के दखल के बाद दोनों ने एक दूसरे से माफी मांग ली है।