ईरान जंग पर राज्यसभा में हंगामा, विपक्ष का वॉकआउट, जयशंकर बोले- भारत शांति के पक्ष में…
संसद के बजट सत्र का दूसरा फेज सोमवार से शुरू हुआ। विपक्ष लोकसभा स्पीकर ओम बिरला को हटाने के लिए लोकसभा में आज प्रस्ताव लाएगा। उधर, विदेश मंत्री एस जयशंकर ने राज्यसभा में अमेरिका-इजराइल और ईरान जंग पर स्पीच दी। विदेश मंत्री के बोलते ही सदन में हंगामा शुरू हो गया। विपक्ष ने वॉकआउट कर दिया। जयशंकर ने कहा, ‘इस समय ईरान की लीडरशिप से कॉन्टैक्ट मुश्किल है, लेकिन भारत शांति और बातचीत के पक्ष में है।’ कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, ‘मिडिल ईस्ट जंग का भारत पर असर,एनर्जी संकट पर शॉर्ट डिबेट हो।’
आज लोकसभा में स्पीकर ओम बिरला को हटाने की मांग वाले विपक्ष के प्रस्ताव पर चर्चा होगी। इसको लेकर जमकर हंगामे के आसार हैं। कांग्रेस समेत विपक्ष के 118 सांसदों ने 10 फरवरी को लोकसभा सचिवालय को साइन किया नोटिस सौंपा था। आरोप लगाया था कि स्पीकर सदन की कार्यवाही में निष्पक्षता नहीं बरत रहे हैं और विपक्ष को पर्याप्त मौका नहीं दे रहे हैं।
विदेश मंत्री ने कहा- 67,000 नागरिक इंटरनेशनल बॉर्डर पार कर चुके,मुंबई के शिपिंग डायरेक्टरेट जनरल ने 14 जनवरी को भारतीय नाविकों से कहा था कि वे एम्बेसी की एडवाइजरी मानें और किनारे पर बेवजह आने-जाने से बचें।
वेस्ट एशिया से हमारे लोगों को वापस लाने की पूरी कोशिश की जा रही है। 8 मार्च तक हमारे लगभग 67,000 नागरिक इंटरनेशनल बॉर्डर पार कर चुके हैं।
संबंधित मंत्रालय जवाब देने के लिए कोऑर्डिनेट कर रहे हैं। लड़ाई लगातार बढ़ रही है। इलाके में सुरक्षा की स्थिति काफी खराब हो गई है। असल में, लड़ाई दूसरे देशों में भी फैल गई है। इससे तबाही और मौतें बढ़ रही हैं।
इजराइल-यूएस और ईरान के बीच लड़ाई जारी है, बल्कि कुछ खाड़ी देशों पर हमले भी हुए हैं। ईरान में लीडरशिप लेवल पर कई लोग मारे गए हैं, साथ ही इस इलाके में इंफ्रास्ट्रक्चर भी तबाह हुआ है।
इस समय लीडरशिप लेवल पर ईरान के साथ कॉन्टैक्ट करना साफ तौर पर मुश्किल है। ईरान के विदेश मंत्री ने ईरानी वॉरशिप लावन को कोच्चि पोर्ट पर डॉक करने की इजाजत देने के भारत का शुक्रिया अदा किया है।
