रुद्राक्ष महोत्सव : पं. प्रदीप मिश्रा के कुबेरेश्वर धाम में भगदड़ जैसे हालात:एक महिला की मौत, तीन लापता, भोपाल-इंदौर मार्ग पर 20 किमी से ज्‍यादा लंबा जाम

राष्ट्रीय

मध्यप्रदेश में कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा के सीहोर स्थित कुबेरेश्वर धाम में रुद्राक्ष महोत्सव के पहले दिन भारी भीड़ के कारण हालात बेकाबू हो गए। रुद्राक्ष लेने के चक्कर में भगदड़ जैसी स्थिति बनी हुई है। एक महिला की मौत हो गई।

मंडी थाना ASI धर्म सिंह वर्मा ने महिला की मौत की पुष्टि करते हुए बताया कि महाराष्ट्र के नासिक के मालेगांव से आई मंगला बाई पति गुलाब (50) की तबीयत अचानक खराब हो गई। उसे चक्कर आया और वह गिर पड़ी।

मौके पर मौजूद भास्कर रिपोर्टर के मुताबिक भीड़ इतनी है कि पैदल चलना भी मुश्किल हो रहा है। रुद्राक्ष पाने में नाकाम लोग पंडित मिश्रा के खिलाफ नारे लगाते हुए लौट रहे हैं। इस बीच मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का महोत्सव स्थल का दौरा भी निरस्त कर दिया गया है। इस वक्त महोत्सव में करीब 10 लाख लोगों के मौेजूद होने का अनुमान लगाया जा रहा है। इतनी भीड़ को देखते हुए सारे इंतजाम फेल हो गए हैं।

तीन महिलाएं लापता हो गईं हैं। एक महिला छत्तीसगढ़ के भिलाई से आई हैं, दूसरी राजस्थान के गंगापुर की रहने वाली हैं, तीसरी महाराष्ट्र के बुलढाणा की रहने वाली महिला भी लापता है। सुबह 10 बजे तक 5 लाख श्रद्धालुओं को रुद्राक्ष बांटे गए। एक दिन पहले भी डेढ़ लाख रुद्राक्ष बांटे गए थे। 40 काउंटर से रुद्राक्ष बांटे जा रहे हैं।

सुबह के हालात देखें तो कुबेरेश्वर धाम से इछावर रोड तक 7 किमी का लंबा जाम लगा था। सीहोर से इंदौर की तरफ हाईवे पर भी 17 किलोमीटर लंबा और भोपाल की ओर हाईवे पर 10 किलोमीटर लंबा जाम लगा हुआ था। अधिक भीड़ होने के कारण मोबाइल नेटवर्क भी काम नहीं कर पा रहे। पुलिस और प्रशासन की टीम के अलावा RSS, बजरंग दल, स्थानीय लोग, समिति सदस्य सहित कुल 15000 लोग व्यवस्थाएं संभाल रहे हैं। इनकी ड्यूटियां कथा पंडाल, भोजन पंडाल, रुद्राक्ष वितरण केंद्र पर लगी हुई है।

महोत्सव में सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी ASP गितेश गर्ग संभाल रहे हैं। नगर पुलिस अधीक्षक निरंजन सिंह राजपूत और मंडी थाना प्रभारी हरि सिंह परमार को दूसरी श्रेणी में जिम्मेदारी दी गई। पुलिस 2 शिफ्ट में काम कर रही हैं। पहली शिफ्ट सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक और दूसरी शिफ्ट दोपहर 2 बजे से लेकर रात 8 बजे तक रहेगी। 700 जवान तैनात किए गए हैं। SP सीहोर मयंक अवस्थी के साथ 12 जवान रहेंगे। ASP और नगर पुलिस अधीक्षक के साथ 8-8 जवान रहेंगे। 100 जवानों को रिजर्व रखा गया है। ट्रैफिक पुलिस के जवान भी व्यवस्था संभाल रहे हैं।

शहर में श्रद्धालुओं की सेवा के लिए क्षेत्रवासी लगे हैं। सेवा करने जिले और आस-पास के क्षेत्रों से कई संगठन आगे आए हैं। जिस कारण शहर शिवमय हो गया है। नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर ने आधा दर्जन से अधिक यात्री बस को भक्तों की सेवा में लगाया है। बुधवार को कुबेरेश्वर धाम महादेव के दर्शन करने के लिए 2 किमी लंबी लाइनें लगी हैं। महोत्सव में मध्यप्रदेश के अलावा हरियाणा, राजस्थान, दिल्ली, गुजरात, महाराष्ट्र सहित देश के अन्य राज्यों से भक्त आ रहे हैं।