“भारत को जो भी चाहिए, हम देंगे..” रूस का ऐलान, S-400, Su-57 और Su-75 का दिया ऑफर

रूस की सरकारी रक्षा कंपनी रोस्टेक ने भारत की रक्षा जरूरतों को पूरा करने को लेकर अपनी प्रतिबद्धता को फिर दोहराया है। रोस्टेक के सीईओ सर्गेई चेमोजोव ने कहा है कि रूस भारत को जो भी जरूरत होगी, वो प्रदान करेगा। इसे रूस की तरफ से भारत के लिए बड़ा ऐलान माना जा रहा है। यह बयान तब आया है, जब अगले महीने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन भारत का दौरा करने वाले हैं। रूस ने पहले ही भारत को Su-57 और Su-75 लड़ाकू विमानों का ऑफर दिया है। वहीं, भारत भी रूस से S-400 की और अधिक यूनिट को खरीदने की तैयारी कर रहा है। दुबई एयर शो 2025 के दौरान चेमेजोव ने कहा, “भारत के साथ हमारे मजबूत संबंध हैं और भारत को जो भी चाहिए, हम उसका समर्थन करने के लिए तैयार हैं।” सीईओ की यह प्रतिक्रिया तब आई जब उनसे पूछा गया कि क्या अतिरिक्त S400 या Su-57 प्रणालियों के संबंध में भारत की ओर से कोई आधिकारिक सूचना मिली है। मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया था कि भारत, रूस से S-500 मिसाइल सिस्टम खरीदने की संभावना पर विचार कर रहा है।

ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारत के S-400 मिसाइल सिस्टम ने बेहतरीन प्रदर्शन किया था। उसने न केवल पाकिस्तान के आने वाले खतरों को नेस्तनाबूद किया, बल्कि दुश्मन के इलाके में अंदर घुसकर तबाही मचाई थी। ऐसी रिपोर्ट हैं कि भारत के S-400 मिसाइल सिस्टम ने पाकिस्तान के कई लड़ाकू विमानों, अवाक्स और मिलिट्री ट्रांसपोर्ट विमानों को मार गिराया था। इतना ही नहीं, S-400 के रडारों ने पाकिस्तान से आने वाले हवाई खतरों की सटीक जानकारी भी साझा की थी। चेमेज़ोव ने इस बात पर जोर दिया कि वैश्विक भू-राजनीतिक तनावों के बावजूद रूस, भारत को महत्वपूर्ण सैन्य उपकरण प्रदान करता रहा है। उन्होंने कहा, “भारत और रूस कई वर्षों से साझेदार रहे हैं। जब भारत पर प्रतिबंध लगे थे, तब भी हमने उसकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उसे हथियार प्रदान किए थे। आज भी हम पिछले वर्षों की तरह ही अपना दृष्टिकोण अपना रहे हैं, भारत को उसकी ज़रूरत के अनुसार सैन्य उपकरण प्रदान कर रहे हैं और सहयोग विकसित करने में अपने आपसी हितों को सुनिश्चित कर रहे हैं।”

रूस ने पहले ही भारत को Su-57 और Su-75 की पेशकश की है। अब दुबई एयर शो में रूस ने अपने ऑफर को एक बार फिर दोहराया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *