‘मैं बालिग हूं और अपनी मर्जी से आई हूं’, सहारनपुर में मुस्लिम लड़के संग भागी हिंदू लड़की
सहारनपुर के गंगोह क्षेत्र स्थित एक गांव की निवासी कशिश ने 24 फरवरी की रात अपने प्रेमी आजम के साथ घर छोड़ दिया. इस मामले में पिता जसबीर की तहरीर पर पुलिस ने गंगोह कोतवाली में गुमशुदगी और अपहरण का मुकदमा दर्ज किया है. युवती ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर खुद को बालिग बताते हुए अपनी मर्जी से साथ जाने और परिजनों से जान का खतरा होने की बात कही है. दूसरी ओर, गांव में हिंदू संगठनों ने पंचायत कर युवती की बरामदगी न होने पर सड़क जाम करने की चेतावनी दी है.
वायरल वीडियो में कशिश ने स्पष्ट किया कि वह आजम को डेढ़ साल से जानती है और उसी के साथ रहना चाहती है. उसने आरोप लगाया कि घर वालों को जब इस रिश्ते का पता चला तो उसे टॉर्चर किया गया और आजम को मारने की धमकी दी गई.
कशिश का दावा है कि वह 18 साल से ऊपर है और उसने सुसाइड की धमकी देकर आजम को साथ ले जाने के लिए मजबूर किया. अब दोनों ने कानूनी कागजात तैयार करवा लिए हैं और पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई है.
युवती के लापता होने के बाद सांगाठेड़ा गांव में माहौल बेहद तनावपूर्ण है. परिजनों का आरोप है कि दूसरे समुदाय का युवक उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर ले गया है. एफआईआर के मुताबिक युवती की उम्र 17 साल 5 महीने बताई गई है, जिससे कानूनी पेच फंस सकता है. हिंदू संगठनों ने इसे ‘लव जिहाद’ करार देते हुए पुलिस को ज्ञापन सौंपा है. गांव में हुई पंचायत में ग्रामीणों ने साफ कर दिया है कि यदि जल्द बरामदगी नहीं हुई तो बड़ा आंदोलन होगा.
एसपी देहात ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है. युवती की तलाश के लिए पुलिस की तीन टीमें लगातार दबिश दे रही हैं और वायरल वीडियो की भी बारीकी से जांच की जा रही है. गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल और पिकेट तैनात कर दी गई है.
