सज्जन कुमार को क्यों बताया ‘हीरो’? सिख नेताओं ने राहुल गांधी के घर के बाहर किया प्रोटेस्ट

शनिवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी के घर के बाहर कई सिख नेताओं ने प्रदर्शन किया. दरअसल, 1984 के सिख-विरोधी दंगों से प्रभावित परिवार के सदस्यों ने यह प्रदर्शन किया. उनका कहना है कि वे कांग्रेस के कुछ नेताओं की उन कथित टिप्पणियों से नाराज हैं जिसमें पूर्व कांग्रेस नेता सज्जन कुमार को ‘हीरो’ और ‘रोल मॉडल’ कहा गया. उन्होंने इसके लिए कांग्रेस से माफी की मांग की.

गुरुवार को सज्जन कुमार की मौत के बाद यह प्रदर्शन हुआ. सज्जन कुमार को 1984 के सिख-विरोधी दंगों से जुड़े एक मामले में दोषी ठहराया गया था. दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरमीत सिंह कालका और महासचिव जगदीप सिंह काहलो के नेतृत्व में प्रदर्शनकारी राहुल गांधी के आवास के बाहर प्रदर्शन करने पहुंचे. हालांकि मौके पर पुलिस ने सुरक्षा के लिए भारी बैरिकेडिंग की है.

दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधन समिति के नेता का कहना है कि कांग्रेस को यह स्पष्ट करना चाहिए कि क्या वह सच में सज्जन कुमार को ‘हीरो’ मानती है? उन्होंने कांग्रेस नेताओं के उन कथित टिप्पणियों की आलोचना करते हुए उन्हें आपत्तिजनक बताया है जिसमें सज्जन कुमार को ‘हीरो’ बताया गया है. उनकी मांग है कि राहुल गांधी स्पष्ट करें कि क्या वे सज्जन कुमार को हीरो मानते हैं?

दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधन समिति के नेता ने दीपेंद्र सिंह हुड्डा के बयान का जिक्र करते हुए मांग की है कि वे सिख समुदाय से माफी मांगें. उनका कहना है कि कांग्रेस नेताओं की ऐसी टिप्पणियों से उनके 42 साल पुराने जख्म ताजा हो गए हैं. हालांकि पुलिस की बैरिकेडिंग के कारण यह प्रदर्शन ज्यादा नहीं बढ़ा लेकिन इन लोगों की मांग है कि सज्जन कुमार को लेकर कांग्रेस जल्द से जल्द स्थिति स्पष्ट करे.

प्रदर्शनकारियों की मांग है कि इन कथित टिप्पणियों के लिए राहुल गांधी समेत अन्य कांग्रेस नेता माफी मांगे.