समस्तीपुर : प्लेटफॉर्म-ट्रेन के गैप में फंसीं 3 महिलाएं-बच्ची, 10 डिब्बे गुजर गए, बाल-बाल बची जान… VIDEO
बिहार के समस्तीपुर जिले के पटोरी रेलवे स्टेशन पर प्लेटफॉर्म पर खड़ी ट्रेन के आगे से 3 महिलाएं और एक बच्ची रेलवे लाइन क्रॉस कर रही थी, तभी अचानक ट्रेन खुल गई. चारों ने पटरी और प्लेटफार्म के बीच लेटकर अपनी जान बचाई. हालांकि, इस घटना में तीनों महिलाओं को काफी चोटें आई हैं. घायलों को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है. बताया जा रहा है कि 9 लोग रेलवे लाइन क्रॉस कर रहे थे. इसमें पांच लोग सुरक्षित रेलवे लाइन पार कर चुके थे, लेकिन 3 महिलाएं और एक बच्ची पीछे रह गई थी. घायल महिलाओं की पहचान रोसड़ा के रहने वाली ममता देवी (48), जयमाला देवी (45) और सोनाली कुमारी (20) के रूप में हुई है. घायलों की परिजन सविता देवी ने बताया कि सभी लोग एक शादी समारोह में शामिल होकर घर लौट रहे थे.
आगे उन्होंने बताया कि हम लोग ऑटो से पटोरी रेलवे स्टेशन के पास रेलवे गुमटी पर पहुंचे. यहां से रेलवे लाइन पार कर रहे थे, तभी यह घटना हुई. किस्मत अच्छी रही कि 5 लोगों की जान बच गई, लेकिन ममता देवी, जयमाला देवी और सोनाली कुमारी घायल हो गईं हैं. स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को पटोरी अनुमंडलीय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया.
महिला का सिटी स्कैन कराया जा रहा है. इमरजेंसी वार्ड में तैनात डॉक्टर संतोष कुमार झा ने बताया कि ममता देवी और सोनाली कुमारी को शरीर में कई जगह चोटें आई हैं, जबकि जयमाला देवी के दाहिने हाथ और पैर में गंभीर जख्म हैं. जयमाला देवी का सिटी स्कैन और एक्स-रे कराया जा रहा है. रिपोर्ट आने के बाद आगे का इलाज किया जाएगा. पुलिस हादसे की जांच में जुटी गई है.
वायरल वीडियो बिहार के शाहपुर पटोरी रेलवे स्टेशन का है, जहां तीन महिलाएं दो बच्चों को साथ लेकर रेलवे लाइन क्रॉस कर रही थीं। तभी ट्रेन आ गयी, महिलाएं बच्चों सहित मलहरा के नीचे दबाकर बैठी थीं। ट्रेन निकलते समय महिला घायल भी हुई है। #viralvídeo #virałpost #trending pic.twitter.com/JXcuEXVADZ
— खबरी इंडिया (@KhabriIndia) May 15, 2026
नगर थानाध्यक्ष ने बताया कि सदर अस्पताल से हादसे की जानकारी मिली है. मामले को लेकर नगर थाने में तैनात पुलिस पदाधिकारी हरी लाल यादव को अस्पताल भेजा गया है. घायलों का बयान लेने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी. बता दें कि ट्रेन और स्टेशन के बीच फंसी महिलाओं का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है, जिसमें वह खुद की जान बचाने के लिए जद्दोजहद करती नजर आ रही हैं.
