सैमसंग का धमाका! 13999 में पेश किया 6,000mAh बैटरी, पावरफुल कैमरा और हाई रिफ्रेश रेट वाला फोन
Samsung ने भारत में अपना नया बजट 5G स्मार्टफोन Galaxy M17e 5G लॉन्च कर दिया है. कंपनी की M सीरीज लंबे समय से भारत में मिड और बजट सेगमेंट के यूजर्स को टार्गेट करती रही है और नया फोन भी उसी कैटेगरी में पेश किया गया है. इस स्मार्टफोन में बड़ी बैटरी, हाई रिफ्रेश रेट डिस्प्ले और 5G प्रोसेसर जैसे फीचर्स दिए गए हैं. Samsung का कहना है कि यह फोन 20 मार्च से Samsung की वेबसाइट, Amazon और ऑफलाइन रिटेल स्टोर्स पर बिक्री के लिए उपलब्ध होगा.
Galaxy M17e 5G को कंपनी ने दो वेरिएंट में लॉन्च किया है. इसका बेस वेरिएंट 4GB RAM और 128GB स्टोरेज के साथ आता है जिसकी कीमत 13,999 रुपये रखी गई है. वहीं 6GB RAM और 128GB स्टोरेज वाले वेरिएंट की कीमत 15,499 रुपये है. फोन दो कलर ऑप्शन्स Vibe Violet और Blitz Blue में एवेलेबल होगा.
Samsung Galaxy M17e 5G में 6.7 इंच का डिस्प्ले दिया गया है, जिसमें 120Hz रिफ्रेश रेट मिलता है. कंपनी का दावा है कि इससे स्क्रीन पर स्क्रॉलिंग और ऐप्स का इस्तेमाल ज्यादा स्मूद महसूस होगा.
फोन का डिजाइन भी पहले के M सीरीज फोनों की तरह सिंपल रखा गया है. इसकी मोटाई करीब 8.2mm है. बैक पैनल में Glass Fibre Reinforced Polymer (GFRP) मटेरियल का इस्तेमाल किया गया है, जो फोन को हल्का और मजबूत बनाने के लिए इस्तेमाल किया जाता है. इस स्मार्टफोन में MediaTek Dimensity 6300 5G प्रोसेसर दिया गया है. यह चिपसेट एंट्री-लेवल और मिड रेंज 5G फोनों में इस्तेमाल होने वाला प्रोसेसर है. ग्राफिक्स के लिए इसमें ARM Mali-G57 GPU दिया गया है. रोजमर्रा के काम जैसे सोशल मीडिया, वीडियो स्ट्रीमिंग और मल्टीटास्किंग के लिए यह हार्डवेयर ठीक ठाक माना जाता है.
फोटोग्राफी के लिए Galaxy M17e 5G में 50 मेगापिक्सल का प्राइमरी कैमरा दिया गया है. इसके साथ एक डेप्थ कैमरा भी मिलता है, जो पोर्ट्रेट फोटो में बैकग्राउंड ब्लर इफेक्ट देने के काम आता है. सेल्फी और वीडियो कॉल के लिए फोन में 8 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा दिया गया है. कंपनी का कहना है कि यह कैमरा अलग-अलग लाइटिंग कंडीशन में बेहतर फोटो लेने में सक्षम है. Galaxy M सीरीज की पहचान बड़ी बैटरी रही है और इस फोन में भी कंपनी ने 6000mAh बैटरी दी है. कंपनी के मुताबिक यह बैटरी लंबे समय तक चलने के लिए डिजाइन की गई है और एक बार चार्ज करके इसे पूरे दिन आराम से चलाया जा सकता है.
फोन में बैटरी मैनेजमेंट को One UI 8 सॉफ्टवेयर के जरिए ऑप्टिमाइज किया गया है, जिससे पावर कंजम्पशन कम करने की कोशिश की गई है. Samsung Galaxy M17e 5G में Android 16 बेस्ड One UI 8.0 दिया गया है. इसमें कुछ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) बेस्ड फीचर्स भी दिए गए हैं. फोन में Google Gemini AI और Circle to Search जैसे फीचर्स शामिल किए गए हैं, जिनकी मदद से यूजर्स स्क्रीन पर मौजूद कंटेंट को तुरंत सर्च कर सकते हैं या AI टूल्स का इस्तेमाल कर सकते हैं.
इसके अलावा One UI में Large Folders और Now Bar जैसे फीचर्स भी दिए गए हैं, जिससे ऐप्स को मैनेज करना और जरूरी अपडेट देखना आसान हो जाता है.
सिक्योरिटी के लिए फोन में Samsung Knox Vault और Auto Blocker जैसे फीचर्स दिए गए हैं. कंपनी का कहना है कि ये फीचर्स यूजर्स के डेटा को सिक्योर रखने में मदद करते हैं.
