बरेली के डीडीपुरम चौराहे पर बीते 11 नवंबर को फुजैल प्रतिबंधित पशु के खून में सनी बर्फ को जूस में मिलाकर पिला रहा था। जांच में मांस का सैंपल प्रतिबंधित पशु का निकला। इसके बाद पुलिस ने आरोपी फुजैल को गिरफ्तार कर लिया। फुजैल 11 नवंबर से ही फरार था।
11 नवंबर को हिन्दू युवा वाहिनी के कमल राणा की ओर से प्रेमनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। आरोप था, जब वह डीडीपुरम चौराहे पर जूस कॉर्नर पर पहुंचे, तो वहां आईस बॉक्स के अंदर काली पॉलीथिन में मांस था। पॉलीथिन से खून निकलकर बर्फ पर बह रहा था। उसी बर्फ को जूस में मिलाकर लोगों को पिलाया जा रहा था। जब हंगामा हुआ तो आरोपी फुजैल वहां से भाग गया। पुलिस ने मांस का सैंपल लेकर जांच को भेजा। जांच में प्रतिबंधित पशु का मांस निकलने की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई कर दी।
महीनों से कर रहा था खेल
आरोपी फुजैल ने बताया, जब भी वह मांस खरीदता था, घर जाने से पहले खराब होने से बचाने के लिए आईस बॉक्स में ही बर्फ की सिल्ली पर रख देता था। जब जूस में बर्फ को तोड़ कर मिलाता था, तो पानी से बर्फ धो लेता था। शायद उस दिन भी नहीं पकड़ा जाता। यदि मांस वाली पन्नी फटी न होती। पन्नी फटी होने के कारण खून बाहर बॉक्स में निकल गया। तभी उसी पोल खुल गई।
हिन्दू युवा वाहिनी के कार्यकर्ता कमल राणा का कहना है कि आरोपी लोगों को धोखे में रखकर उनका धर्म भ्रष्ट कर रहा था। उन्होंने पुलिस को दी गई तहरीर में मांस की जांच कराकर आरोपी पर कार्रवाई करने की मांग की थी। साथ ही इसका वीडियो भी बनाकर सोशल मीडिया पर डाला गया था। वीडियो में देख सकते हैं कि बर्फ को रखने के डब्बे में ही साइड में एक काली पॉलीथिन रखी है। वीडियो में उस पॉलीथिन को खोलकर उसमें रखा मांस भी दिखाया गया है।