सात्विक-चिराग की जोड़ी चाइना मास्टर्स के प्री-क्वार्टर फाइनल में, लक्ष्य सेन बाहर
सात्विक साईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी ने चीन मास्टर्स बैडमिंटन टूर्नामेंट में मेंस डबल्स के प्री-क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया है। मेंस सिंगल्स में लक्ष्य सेन पहले ही राउंड में हारकर बाहर हो गए। सात्विक-चिराग ने मलेशियाई जोड़ी को सीधे गेम में हराया सात्विक और चिराग की जोड़ी ने मलेशिया के जुनैदी अरिफ और रॉय किंग याप को सीधे गेम में 24-22, 21-13 से हराकर अगले राउंड में जगह बनाई। यह मुकाबला 42 मिनट तक चला। पहला गेम काफी रोमांचक रहा, जिसमें स्कोर अंत तक बराबरी पर था, लेकिन भारतीय जोड़ी ने आखिरकार 21 मिनट में इसे 24-22 से जीत लिया। दूसरे गेम में सात्विक-चिराग ने शुरुआत में बढ़त बनाई। मलेशियाई जोड़ी ने 5-5 से बराबरी की कोशिश की, लेकिन भारतीय खिलाड़ियों ने 11-6 की बढ़त लेते हुए गेम को आसानी से 21-13 से अपने नाम कर लिया।
लक्ष्य सेन पहले ही राउंड में बाहर हॉन्गकॉन्ग ओपन के रनर-अप रहे लक्ष्य सेन को मेंस सिंगल्स में हार का सामना करना पड़ा। लक्ष्य को फ्रांस के तोमा जूनियर पोपोव ने 11-21, 10-21 से हराया। यह मुकाबला सिर्फ 30 मिनट तक चला। लक्ष्य की हार के साथ ही भारत का मेंस सिंगल्स में सफर खत्म हो गया। इससे पहले आयुष शेट्टी भी पहले राउंड में हार गए थे।
