सात्विक-चिराग ने पहली बार सिंगापुर ओपन जीता, इंडोनेशियाई जोड़ी को हराया
भारत की पुरुष युगल जोड़ी सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी ने सिंगापुर ओपन सुपर 750 का खिताब जीत लिया है। उन्होंने रविवार 31 मई को खेले गए फाइनल में इंडोनेशिया की तीसरी वरीयता प्राप्त जोड़ी फजार अल्फियान और मुहम्मद शोहिबुल फिकरी को 18-21, 21-17 और 21-16 से हराया। सात्विक-चिराग ने आखिरी खिताब थाईलैंड ओपन 2024 जीता था। इसके बाद वे कई बड़े टूर्नामेंटों में फाइनल तक पहुंचे, लेकिन ट्रॉफी नहीं जीत सके। जोड़ी का यह नौवां BWF (बैडमिंटन वर्ल्ड फेडरेनशन) वर्ल्ड खिताब है। खिताब जीतने के बाद सात्विक और चिराग कोर्ट पर खुशी से झूम उठे। दोनों खिलाड़ियों ने जीत का जश्न डांस करके मनाया। पुरस्कार समारोह में उन्हें ट्रॉफी, गोल्ड मेडल और 70 लाख रुपए की पुरस्कार राशि दी गई।
पोडियम समारोह के दौरान फिल्म ‘भाग मिल्खा भाग’ का शीर्षक गीत बजाया गया। चिराग शेट्टी ने पोडियम पर आंखें बंद कर ली थी। कोर्टसाइड इंटरव्यू में सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी ने कहा, ‘इसे शब्दों में बयां करना मुश्किल है। इससे पहले हम हमेशा सिंगापुर में हारते रहे हैं। यह खेलने के लिए सबसे बेहतरीन स्टेडियमों में से एक है।’ उन्होंने सपोर्ट के लिए दर्शकों को धन्यवाद दिया।
सात्विक-चिराग अपना पहला गेम 18-21 से हार गए थे। इसके बाद उन्होंने वापसी करते हुए दूसरे गेम को 21-17 से जीकर मैच में बराबरी की। इसके बाद भारतीय जोड़ी ने आखिरी और तीसरे गेम में इंडोनेशिया की जोड़ी को 21-16 से हराकर ट्रॉफी जीत ली।
