स्कूलों की छुट्टी: मेरठ में 12 अगस्त तक सभी विद्यालय-कॉलेज बंद, कांवड़ यात्रा के चलते डीएम का आदेश

मेरठ। श्रावण शिवरात्रि पर कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह ने जिले के सभी विद्यालयों, महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों व तकनीकी संस्थानों में अवकाश घोषित किया है। इस संबंध में शनिवार को कार्यालय आदेश जारी किया गया।

जिलाधिकारी की ओर से जारी आदेश के अनुसार श्रावण मास 30 जुलाई से प्रारंभ हो चुका है और जिले में श्रावण शिवरात्रि का मुख्य पर्व 11 अगस्त को मनाया जाएगा। हरिद्वार से बड़ी संख्या में कांवड़िए और श्रद्धालु मेरठ से होकर गुजरते हैं। कांवड़ मार्गों पर श्रद्धालुओं का आवागमन शुरू हो चुका है, जिसके चलते जिले में यातायात डायवर्जन योजना भी लागू कर दी गई है।

छात्र-छात्राओं की सुरक्षा और कानून व शांति व्यवस्था बनाए रखने के दृष्टिगत जिले के सभी बोर्डों से संबद्ध कक्षा एक से 12वीं तक के विद्यालय तीन अगस्त से 12 अगस्त तक पूर्णतः बंद रहेंगे। इसमें बेसिक शिक्षा परिषद, माध्यमिक शिक्षा परिषद, सीबीएसई, आइसीएसई और अन्य सभी मान्यता प्राप्त बोर्डों के विद्यालयों के साथ-साथ मदरसा बोर्ड से संचालित शिक्षण संस्थान भी शामिल हैं। इसके अलावा जिले के सभी महाविद्यालय, विश्वविद्यालय व तकनीकी शिक्षण संस्थान (शासकीय व निजी दोनों) भी तीन अगस्त से 12 अगस्त 2026 तक बंद रहेंगे।

हालांकि जिन पाठ्यक्रमों या विषयों की परीक्षाएं पहले से निर्धारित एवं घोषित हैं, वे पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संचालित होंगी और उन पर अवकाश का यह आदेश लागू नहीं होगा। जिलाधिकारी ने आदेश में सभी संबंधित अधिकारियों एवं संस्थानों को निर्देश दिए हैं कि आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।

कांवड़ यात्रा की छुट्टी के दौरान विद्यार्थियों की पढ़ाई जारी रखने के लिए स्कूलों की ओर से ऑनलाइन कक्षाएं संचालित की जाएंगी। मेरठ स्कूल्स सहोदय काम्प्लेक्स के अध्यक्ष राहुल केसरवानी के अनुसार सभी स्कूलों ने अपनी सुविधा के अनुरूप आनलाइन कक्षाओं की योजनाएं बनाई है।

केएल इंटरनेशनल स्कूल, दीवान पब्लिक स्कूल, मेरठ पब्लिक स्कूल की सभी शाखाओं, गुरु तेग बहादुर प्ब्लिक स्कूलसेंट जोंस सीनियर सेकेंड्री स्कूल, बीएनजी इंटरनेशनल स्कूल, मेरठ सिटी पब्लिक स्कूल, बीएसके मॉडल स्कूल सहित तमाम स्कूल ऑनलाइन कक्षाएं संचालित करेंगे। वहीं आर्मी पब्लिक स्कूल सहित अन्य स्कूलों में पूरी तरह से अवकाश रहेगा।