रायपुर में 13 साल की छात्रा से गैंगरेप,2 नाबालिग गिरफ्तार, आरोपियों ने डराया तो एक महीने तक चुप रही

रायपुर के विधानसभा थाना क्षेत्र में 13 साल की छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, वारदात को दो नाबालिगों ने अंजाम दिया। इसके बाद दोनों आरोपियों ने छात्रा को डराया-धमकाया था। इसी वजह से वह करीब एक महीने तक किसी को कुछ नहीं बता पाई।

अक्टूबर के आखिरी सप्ताह में छात्रा की अचानक तबीयत बिगड़ गई। उसे उल्टियां होने लगीं और चक्कर आने लगे। बेटी की हालत देखकर मां ने उससे परेशानी की वजह पूछी। इस दौरान छात्रा ने मां को अपने साथ हुई घटना के बारे में बताया। इसके बाद परिजनों को पूरे मामले की जानकारी हुई।

छात्रा के परिजनों ने मामले की शिकायत विधानसभा थाने में दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों नाबालिग आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनकी उम्र 14 और 16 साल बताई गई है।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने दोनों नाबालिगों को बाल न्यायालय में पेश किया। वहां से उन्हें बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया गया है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।