वैज्ञानिकों को मिला फल खाने वाला 6.6 करोड़ साल पुराना डायनासोर
डायनासोर का नाम सुनते ही दिमाग में एक विशालकाय जीव की तस्वीर उभरती है. बड़े-बड़े दांत और मजबूत जबड़े. शिकार का पीछा करते हुए दूसरे जीवों को दबोच लेना. लेकिन क्या आप सोच सकते हैं कि उसी दौर में एक ऐसा डायनासोर भी रहता था जिसे मांस नहीं बल्कि फल खाना पसंद था? वैज्ञानिकों को करीब 6.6 करोड़ साल पुराना ऐसा ही एक डायनासोर मिला है. इसका नाम ‘इन्फर्नोगैलस जेम्सी’ रखा गया है. इसे प्यार से ‘हेल चिकन’ यानी नरक का मुर्गा कहा जा रहा है. इसकी चोंच तोते जैसी थी और वैज्ञानिकों का मानना है कि इसका शरीर पंखों से ढका हो सकता था. यह डायनासोर अपने समय के सबसे खतरनाक शिकारी टी-रेक्स के साथ धरती पर रहता था.
रिपोर्ट के अनुसार इस खोज ने डायनासोर की दुनिया को लेकर वैज्ञानिकों की पुरानी समझ में नया मोड़ दिया है. अब तक अधिकतर चर्चा इस बात पर होती रही कि डायनासोर कैसे शिकार करते थे और क्या खाते थे. लेकिन यह जीव दिखाता है कि उस दौर में खाने-पीने की आदतों में भी काफी विविधता थी. वैज्ञानिकों ने इसकी खोपड़ी का बारीकी से अध्ययन किया और पाया कि इसकी बनावट मुलायम भोजन को चबाने के लिए खास तौर पर विकसित हुई थी. इसके जबड़े आगे-पीछे हिल सकते थे और चोंच पर मौजूद खास धारियां भोजन को मसलने में मदद करती थीं. यानी यह सिर्फ फल निगलता नहीं था बल्कि उन्हें चबाकर खाता था.
इस डायनासोर के जीवाश्म अमेरिका की हेल क्रीक चट्टानी संरचना में मिले हैं. यह इलाका पहले भी कई मशहूर डायनासोर के जीवाश्मों की खोज के लिए जाना जाता है. इसी जगह के नाम और इसकी पक्षी जैसी बनावट को मिलाकर इसका नाम ‘हेल चिकन’ रखा गया. वैज्ञानिकों के मुताबिक यह करीब 6.6 करोड़ साल पहले क्रिटेशियस काल के आखिरी दौर में रहता था. इसका आकार आज के टर्की पक्षी के आसपास बताया गया है. इसकी लंबाई करीब 1.5 मीटर और वजन लगभग 11 किलोग्राम था. इसके मुंह में दांत नहीं थे. इसकी जगह तोते जैसी मजबूत चोंच थी. इसके करीबी जीवों के जीवाश्मों के आधार पर वैज्ञानिकों का मानना है कि इसके शरीर पर भी पंख रहे होंगे. हालांकि इसकी पंखों वाली बनावट को लेकर यह अनुमान करीबी प्रजातियों के जीवाश्मों पर आधारित है.
हेल चिकन उस समय धरती पर मौजूद कई विशालकाय डायनासोर के बीच रहता था. इनमें टी-रेक्स यानी टायरानोसॉरस रेक्स और ट्राइसेराटॉप्स जैसे जीव शामिल थे. एंकिलोसॉरस भी उसी दौर में मौजूद था. इन विशाल जीवों के बीच यह छोटा डायनासोर अपने भोजन के लिए अलग पहचान रखता था.
वैज्ञानिकों का अनुमान है कि यह फल और दूसरे मुलायम पौधों को खाता था. इसकी खोपड़ी की बनावट इस बात का सबसे बड़ा संकेत देती है. अध्ययन के प्रमुख लेखक और स्टोनी ब्रुक यूनिवर्सिटी के जीवाश्म विज्ञानी ग्रेग फंस्टन ने न्यूज एजेंसी रॉयटर्स से कहा, ‘यह खोज डायनासोर की जीवनशैली के बारे में हमारी समझ को काफी व्यापक बनाती है. इससे पता चलता है कि थेरोपॉड समूह के डायनासोर अपने वातावरण के मुताबिक कितने अनुकूल हो सकते थे.’
शोधकर्ताओं के मुताबिक आज कुछ पक्षियों और कछुओं में इन खूबियों में से अलग-अलग विशेषताएं देखने को मिलती हैं. लेकिन इन तीनों का एक साथ मिलना खास है. इससे पता चलता है कि हेल चिकन की चोंच और जबड़े फल खाने के लिए बेहद अनुकूल थे.
कई शाकाहारी डायनासोर भोजन को पीसने के लिए छोटे पत्थर निगलते थे. ये पत्थर उनके पेट में भोजन को पचाने और पीसने में मदद करते थे. लेकिन हेल चिकन का तरीका अलग दिखाई देता है. इसकी खोपड़ी और जबड़ों की बनावट से संकेत मिलता है कि यह भोजन को मुंह में ही चबाकर मसलता था. इससे वैज्ञानिकों को डायनासोर के भोजन पचाने के तरीकों में मौजूद अंतर समझने का नया मौका मिला है.
इस खोज से एक और दिलचस्प सवाल उठा है. क्रिटेशियस काल के दौरान धरती पर फूल और फल देने वाले पौधे तेजी से फैल रहे थे. आज भी फल खाने वाले जीव एक जगह से दूसरी जगह बीज पहुंचाते हैं. इससे पौधों को नए इलाकों में फैलने में मदद मिलती है. वैज्ञानिकों का अनुमान है कि हेल चिकन और उसके करीबी जीव भी उस दौर में ऐसा करते होंगे. हालांकि इसकी पुष्टि के लिए अभी और सबूतों की जरूरत है.
