राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को सिंधिया ने दिखाया जयविलास पैलेस, IIITM के दीक्षांत समारोह में शामिल हुए

राष्ट्रीय

ग्वालियर : प्रेसिडेंट द्रौपदी मुर्मू गुरुवार को ग्वालियर दौरे पर हैं। वे जयविलास पैलेस पहुंचीं। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और उनकी पत्नी प्रियदर्शिनी सिंधिया ने उन्हें जयविलास पैलेस और जीवाजीराव सिंधिया म्यूजियम दिखाया। यहां प्रेसिडेंट ने लंच लिया। उन्हें बिना प्याज-लहसुन का भोजन परोसा गया। ओडिशा और उत्तर भारत की स्पेशल डिश खुद सिंधिया और उनकी पत्नी ने तैयार कराई थीं।

ज्योतिरादित्य सिंधिया ने खुद प्रेसिडेंट को खाना सर्व किया। लंच के मेन्यू में नेपाली साग से लेकर दालमा, संतुला, जीरा मूंग दाल छिलका, पनीर मखाना, भुट्टे का किस सहित अन्य व्यंजन थे। राज्यपाल मंगूभाई पटेल, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, सांसद विवेक शेजवलकर, गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा, जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट, ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह भी लंच में शामिल हुए।

राष्ट्रपति IIITM के चौथे दीक्षांत समारोह में शामिल हुई हैं।

सिंधिया ने कहा, PM मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व गुरु बन रहा

केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा, मेरे पूज्य पिता ने इस संस्था (IIITM) को स्थापित किया। तब वे मानव संसाधन मंत्री थे। उनकी यही सोच थी कि मैनेजमेंट के साथ सूचना प्रौदोग्य को जोड़कर हम अपने देश में नौजवानों की उपयुक्त मानव संसाधन की फौज तैनात करें। 2002 में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर इसका नाम हुआ।

सिंधिया ने कहा, विश्व में अगर कहीं भी परिवर्तन आया, तो युवा शक्ति के आधार पर आया। भारत आज विकास, प्रगति के रास्ते पर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विश्व गुरु के रूप में भारत स्थापित होने वाला है। 2030 हम विश्व की सबसे बड़ी आर्थिक शक्ति होंगे।