कोसोवो की संसद में हाथापाई : विपक्षी नेता ने प्रधानमंत्री पर फेंका पानी

अंतरराष्ट्रीय

यूरोपीय देश कोसोवो की संसद में गुरुवार को जमकर हाथापाई हुई। भाषण के दौरान विपक्षी सांसद ने प्रधानमंत्री एल्बिन कुर्ती पर पानी फेंक दिया। दरअसल, PM कुर्ती देश के उत्तरी हिस्से में जातीय सर्बों के साथ तनाव कम करने के लिए सरकार की तरफ से किए जा रहे उपायों के बारे में बता रहे थे।

हाथापाई के दौरान PM को असेंबली हॉल से बाहर ले जाया गया
संसद में भाषण के दौरान कोसोवो की डेमोक्रेटिक पार्टी के सांसद मर्गिम लुश्ताकु उनके पास गए और पानी मुंह पर पानी फेंक दिया। इससे विवाद शुरू हो गया। रॉयटर्स के मुताबिक बवाल के बीच कुर्ती को असेंबली हॉल से बाहर ले जाया गया। कुर्ती ने कहा है कि वो पुलिस और नए अल्बानियाई मेयरों की तैनाती के साथ उत्तरी कोसोवो में कानून व्यवस्था लागू कर रहे हैं।

अमेरिका और EU ने उनसे हालात ठीक होने तक महापौरों को उत्तरी इलाकों से दूर भेजने की अपील की थी। उन्होंने PM कुर्ती पर हालात को शांत करने के लिए दबाव डाला है। बता दें कि यहां मई में पुलिस समर्थित अल्बानियाई महापौरों के चुनाव के बाद हिंसा भड़क गई थी। इन चुनावों का सर्बों ने बहिष्कार किया था। स्थानीय सर्ब, कोसोवो पुलिस और NATO के नेतृत्व में शान्ति बनाए रखने के लिए गए सैनिकों के बीच झड़प में दर्जनों लोग घायल हो गए थे।

PM की नीतियों की आलोचना करती रही हैं विपक्षी पार्टी

कोसोवो की विपक्षी पार्टी ने हमेशा उत्तरी इलाके में PM कुर्ती की उन नीतियों की आलोचना की है, जिससे उनके पश्चिमी देशों के साथ रिश्तों में तनाव आया है। कुर्ती ने बुधवार को घोषणा की कि वो उत्तरी कोसोवो में जातीय सर्ब आबादी वाले क्षेत्रों में 4 नगरपालिकाओं के बाहर तैनात विशेष पुलिस अधिकारियों की संख्या कम कर देंगे, और हर शहर में नए मेयर के चुनाव कराएंगे।

नगर निगम के ऑफिसों से कई विशेष पुलिस बल हटा लिए गए हैं। इस कदम से विपक्ष नाराज हो गया। विपक्ष ने आरोप लगाया कि कुर्ती ने महीनों तक कई एक्सपरिमेंट्स किए, जिसकी वजह से कोसोवो की अंतरराष्ट्रीय स्थिति खतरे में आ गई और ऐसा करके बाद में वो पीछे हट गए।