हसदेव नदी में बहे 3 छात्रों की तलाश तेज : सालिहाभाठा के पास दिखा एक शव, पुलिस-SDRF का रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में हसदेव नदी के तेज बहाव में बहे तीन छात्रों की तलाश लगातार जारी है। हादसे के बाद से ही पुलिस और SDRF की टीमें नदी में रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही हैं। वहीं, सुबह होते ही रेस्क्यू कार्य में और तेजी लाई गई है। बताया जा रहा है कि, सालिहाभाठा के पास हसदेव नदी में एक शव दिखाई दिया है, जिसके बाद मौके पर मौजूद रेस्क्यू टीम ने तलाश और तेज कर दी है। हालांकि, शव की पहचान अभी नहीं हो पाई है।

दरअसल, पिकनिक स्पॉट देवरी चिचोली में बड़ा हादसा हुआ, जहां बिलासपुर से अपने दोस्तों के साथ पहुंचे तीन युवक हसदेव नदी के तेज बहाव की चपेट में आकर बह गए। तीनों छात्र बिलासपुर के चौकसे कॉलेज के बताए जा रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और SDRF की टीम मौके पर पहुंची और नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। नदी का बहाव तेज होने की वजह से रेस्क्यू टीम को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।

फिलहाल, पुलिस और SDRF की टीमें नदी के अलग-अलग हिस्सों में लगातार सर्चिंग कर रही हैं। सभी की नजरें अब रेस्क्यू ऑपरेशन के नतीजे पर टिकी हुई हैं। हसदेव नदी में बहे तीनों छात्रों का अब तक कोई सुराग नहीं मिला है, लेकिन रेस्क्यू टीम लगातार उनकी तलाश में जुटी हुई है।

मिली जानकारी के मुताबिक, बिलासपुर के चौकसे इंजीनियरिंग कालेज के 8 छात्रों का ग्रुप शुक्रवार को पिकनिक मनाने के लिए जांजगीर-चाम्पा जिले के देवरी चिचोली पहुंचा था। यहां हसदेव नदी इन दिनों तेज बहाव के साथ बह रही है। बांगो बांध के भर जाने के कारण नदी का बहाव तेज है। इसी दौरान नहाने के लिए उतरे कई छात्रों में से तीन के बहने की खबर है। साथ आए छात्रों की सूचना पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई है। तलाशी अभियान शुरू कर दिए जाने की सूचना है।

बह गए छात्रों में पहला 22 वर्षीय मुरारी साहू है। वहीं दूसरा छात्र कवर्धा जिले के पंडरियाा थाना क्षेत्र का कृष्ण बताया जा रहा है। तीसरा छात्र चिरमिरी निवासी पल्लव बताया गया है। तीनों छात्रों के परिजनों से प्रशासन का संपर्क हो गया है। अंधेरा होने के कारण तलाशी अभियान बंद करना पड़ा।