अमेरिकी खुफिया एजेंसी NSA का सीक्रेट नेटवर्क ठप, एपल की कई सर्विस बंद
अमेरिका में पिछले कुछ दिनों से सरकारी एजेंसियों, बैंकों, टेक कंपनियों और एयरलाइंस के सिस्टम में लगातार गड़बड़ियां हो रही हैं। मंगलवार को अमेरिकी खुफिया एजेंसी नेशनल सिक्योरिटी एजेंसी (NSA) का सीक्रेट कम्युनिकेशन नेटवर्क भी ठप हो गया। इसी दिन एपल की कई सेवाएं भी बंद हो गईं। इससे पहले माइक्रोसॉफ्ट, बैंकिंग सेवाओं, विमान यातायात नियंत्रण और यूनाइटेड एयरलाइंस के सिस्टम में भी खराबी आ चुकी है। विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने इस बारे में कहा है कि ये सभी गड़बड़ियां अलग-अलग तकनीकी कारणों से हुई हैं। अब तक किसी साइबर अटैक या विदेशी साजिश के सबूत नहीं मिले हैं।
अमेरिका में 12 से 17 नवंबर के बीच कई सरकारी एजेंसियों और कंपनियों के सिस्टम में गड़बड़ियां आईं। इससे बैंकिंग, विमानन, होटल बुकिंग और ऑनलाइन सेवाएं प्रभावित हुईं।
12 नवंबर- माइक्रोसॉफ्ट: आउटलुक, टीम्स और कोपायलट ठप हुए। ईमेल और दफ्तरों का काम प्रभावित रहा। गड़बड़ी 14 नवंबर तक चली।
13 नवंबर- अमेरिकी विमानन प्रशासन (FAA): नेटवर्क और राउटर में खराबी से 4 घंटे से ज्यादा उड़ानें रोकी गईं। हजारों फ्लाइट्स कैंसिल।
16 नवंबर- जेपी मॉर्गन चेस: ऑनलाइन बैंकिंग और पैसे ट्रांसफर करने वाली सर्विस पर असर पड़ा।
16 नवंबर- यूनाइटेड एयरलाइंस: सिस्टम 90 मिनट से ज्यादा ठप रहा। करीब 150 उड़ानों में देरी हुई।
17 नवंबर-
NSA: खुफिया एजेंसी का गोपनीय नेटवर्क एनएसएनेट ठप हुआ। कर्मचारियों को अलग-अलग समय पर कार्यालय बुलाना पड़ा।
एपल: एपल म्यूजिक, ऐप स्टोर, एपलकेयर, आईक्लाउड और एपल पे में गड़बड़ी आई।
मैरियट होटल: वेबसाइट और ऐप ठप होने से होटल बुकिंग और चेक-इन पर असर।
NSANet अमेरिकी खुफिया एजेंसी NSA का अंदरूनी नेटवर्क है। इसका इस्तेमाल एजेंसी के कर्मचारी गोपनीय जानकारी भेजने और आपस में कम्युनिकेशन करने के लिए करते हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक, मंगलवार को यह नेटवर्क ठप होने के बाद एजेंसी को कर्मचारियों के आने का समय अलग-अलग करना पड़ा। इसके लिए येलो कोड जारी किया गया।
शुरुआत में नेटवर्क बंद होने की वजह साफ नहीं थी। बाद में अधिकारियों ने बताया कि नियमित रखरखाव और सॉफ्टवेयर में बदलाव के दौरान गड़बड़ी हुई थी।
इससे एजेंसी के कुछ अंदरूनी सिस्टम प्रभावित हुए, लेकिन राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े जरूरी काम चालू रहे। NSA ने कहा कि इस खराबी से देश की सुरक्षा करने की उसकी क्षमता पर असर नहीं पड़ा।
एपल के सिस्टम में अंदरूनी अपडेट के दौरान गड़बड़ी हुई। इससे एपल म्यूजिक, ऐप स्टोर और एपलकेयर काम नहीं कर रहे थे। आईक्लाउड में लॉगिन करने में भी परेशानी आई।
एपल पे को लेकर भी यूजर्स ने शिकायतें कीं। कंपनी ने कई सेवाएं बहाल कर दी थीं और बाकी को ठीक करने का काम चल रहा था।
होटल कंपनी मैरियट के सिस्टम में खराबी के कारण ग्राहकों को बुकिंग और चेक-इन में परेशानी हुई। मैरियट के दुनियाभर में करीब 10,200 होटल और 18 लाख से ज्यादा कमरे हैं। कंपनी ने इस मामले में सवालों का जवाब नहीं दिया।
इससे पहले माइक्रोसॉफ्ट की सेवाएं भी दुनियाभर में प्रभावित हुई थीं। आउटलुक पर ईमेल भेजने, टीम्स पर मीटिंग करने और कोपायलट इस्तेमाल करने में परेशानी आई। माइक्रोसॉफ्ट ने बताया कि नेटवर्क की क्षमता बढ़ाने के लिए किए गए बदलाव के दौरान समस्या हुई थी।
