रीवा में मुंह के बल गिरा सचिव, मौत: देर रात मोपेड बाइक से लौट रहे थे घर

राष्ट्रीय

रीवा जिले के लौर थाना अंतर्गत उमरिया चौबान गांव में एक सचिव की संदिग्ध परिस्थितयों में मौत हो गई। सुबह मृत पड़ा शव देख परिजनों ने डायल 100, रघुनाथगंज चौकी व लौर थाने को सूचना दी। जानकारी के बाद थाने की पुलिस पहुंची है। जहां परिजनों ने पुलिस अफसरों के सामने हत्या का आरोप लगाया है। ऐसे में वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया। इसके बाद जिला मुख्यालय से एसएसएल टीम पहुंची है।

जिसने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। मृतक के मुंह और कान में खून दिखा है। वहीं सिर में गिरने के घाव है। ऐसे में आसपास के लोगों से पूछताछ की गई। फिलहाल पंचानामा कार्रवाई कर शव को मऊगंज सिविल अस्पताल में पीएम के लिए भेजवाया गया है। वहां मर्ग कायम कर लिया गया है। इधर लौर पुलिस ने हत्या और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

सुबह 7 बजे उमरिया चौबान गांव में एक बुजूर्ग के शव मिलने की जानकारी आई थी। ऐसे में तुरंत चौकी व थाने का बल पहुंचा है। मृतक की शिनाख्त विक्रमादित्य दुबे पुत्र रामशिरोमण दुबे 58 वर्ष के रूप में की गई है। परिजनों का कहना है कि विक्रमादित्य दुबे पंचायत विभाग में सचिव के पद पर पदस्थ है।

वे रोजाना की तरह सोमवार की रात घर आ रहे थे, पर नहीं पहुंचे। दूरभाष के माध्यम से परिजनों ने रिश्तेदारों व सहयोगियों से जानकारी ली। जब कुछ भी नहीं पता चला तो परिजन सो गए। इसी बीच सुबह घर को जोड़ने वाले कच्चे रास्ते में विक्रमादित्य दुबे मृत मिले। उनके घर तक पगडंडियों वाली सड़क है। ऐसे में खेतों की मेड़ पार करते हुए जा रहे। इसी बीच हादसे का शिकार हो गए।