हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की सुरक्षा में चुक, हेलिकॉप्टर लैंडिग के वक्त हेलीपैड पर दौड़े पशु

राष्ट्रीय

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की सुरक्षा में सोमवार को बड़ी चूक देखने को मिली। दोपहर बाद CM सुक्खू हमीरपुर के भोरंज विधानसभा क्षेत्र में भारी बारिश और बाढ़ से हुई तबाही देखने हेलीकॉप्टर से पहुंचे। हेलिकॉप्टर कंजयाण हेलीपैड पर लैंड होना था। हेलिकॉप्टर के आते ही अचानक हैलीपैड पर बड़ी संख्या में पशु आ गए।

इसे देखते हुए पायलट ने हेलिकॉप्टर को कुछ देर तक हवा में रखा। वहां मौजूद पुलिस के जवानों और प्रशासन के इस बीच पसीने छूट गए और अफरा-तफरी मच गई। पुलिस कर्मियों ने आनन-फानन में तुरंत पशुओं को भगाया। तब जाकर मुख्यमंत्री के हेलिकॉप्टर की सुरक्षित लैंडिंग करवाई गई।

मुख्यमंत्री की सुरक्षा में बार-बार इस तरह की चूक को लेकर सवाल उठ रहे है। दो सप्ताह पहले भी रामपुर के बिथल क्षेत्र में जहां मुख्यमंत्री के हेलिकॉप्टर की लैंडिंग होनी थी, वहां नहीं करवाई जा सकी और दूसरी जगह की गई। आज फिर लैंडिंग के वक्त ऐसी ही लापरवाही बरती गई।

शिमला से हमीरपुर के लिए उड़े CM
मुख्यमंत्री दोपहर तक शिमला में मौजूद थे। यहां उन्होंने सभी विभागों के सचिवों की मीटिंग ली। बाद में राज्यपाल से भी शिष्टाचार भेंट की। इसके बाद वह अपने गृह जिला हमीरपुर गए,क्योंकि आपदा के बाद मुख्यमंत्री हमीरपुर जिला नहीं जा पाए थे। इससे पहले वह सभी आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर चुके है।