दिल्ली एयरपोर्ट पर सुरक्षा में बड़ी चूक, सुरक्षाकर्मियों को चकमा देकर फरार हुआ ब्रिटिश नागरिक
इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (आईजीआई) एयरपोर्ट पर सुरक्षा में बड़ी चूक हुई है। हवाई अड्डे के आव्रजन क्षेत्र से एक ब्रिटिश नागरिक सुरक्षाकर्मियों को चकमा देकर फरार हो गया है। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, वह शहरी इलाके में घुस गया है। यह घटना 28 अक्टूबर को हुई। ब्रिटिश नागरिक की पहचान फिट्ज पैट्रिक के रूप में हुई। वह बैंकॉक से एयर इंडिया की फ्लाइट से नई दिल्ली पहुंचा था।
यहां से उसे एयर इंडिया की कनेक्टिंग फ्लाइट से लंदन जाना था, लेकिन अगले दिन मौका मिलते ही वह दिल्ली के आईजीआई एयरपोर्ट से भाग गया। अभी तक ब्रिटिश नागरिक का पता नहीं चल सका है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि इस मामले में केस दर्ज कर लिया गया है। संबंधित एयरलाइन कर्मचारियों से पूछताछ की गई है।
उस व्यक्ति का पता लगाने के लिए टीमें बनाई गई हैं। वे तकनीकी और मानवीय खुफिया जानकारी के आधार पर काम कर रही हैं। अधिकारियों को संदेह है कि वह आगमन क्षेत्र के किसी असुरक्षित हिस्से से निकल गया होगा। जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि ब्रिटिश नागरिक कैसे सुरक्षा घेरे को पार कर शहर तक पहुंच गया?
