CG : बस्तर में 48 लाख का गांजा तेल जब्त… ओडिशा से बाइक के जरिए हो रही थी तस्करी

छत्तीसगढ़ : बस्तर जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। जगदलपुर के बोधघाट थाना क्षेत्र में पुलिस ने ओडिशा से गांजा तेल की तस्करी कर रहे एक आरोपी को गिरफ्तार करते हुए करीब 3.8 लीटर गांजा तेल जब्त किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 48 लाख रुपये बताई जा रही है। आरोपी बाइक के माध्यम से इस मादक पदार्थ को छत्तीसगढ़ के रास्ते अन्य बड़े शहरों तक पहुंचाने की फिराक में था। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई बुधवार को उस समय की गई जब पुलिस को एक मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ओडिशा से एक युवक बाइक पर गांजा तेल लेकर जगदलपुर की ओर आ रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा ने तत्काल बोधघाट थाना प्रभारी लीलाधर राठौर के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की और संभावित मार्गों पर निगरानी बढ़ा दी गई।

मुखबिर के बताए हुलिए और वाहन विवरण के आधार पर पुलिस टीम ने बोधघाट क्षेत्र में घेराबंदी की। कुछ ही देर बाद बाइक को रोका गया। तलाशी और पूछताछ के दौरान बाइक सवार युवक ने अपना नाम सोमनाथ साहू (46) बताया, जो ओडिशा का निवासी है। संदेह के आधार पर जब उसकी तलाशी ली गई तो उसके पास से अलग-अलग पैकेटों में भरा हुआ करीब 3.8 लीटर गांजा तेल बरामद किया गया। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, गांजा तेल को बेहद चालाकी से पैक किया गया था ताकि चेकिंग के दौरान शक न हो। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी यह खेप छत्तीसगढ़ के रास्ते अन्य राज्यों के बड़े शहरों तक पहुंचाने वाला था, जहां इसकी ऊंची कीमत पर बिक्री की जाती है। हालांकि, नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों को लेकर पूछताछ अभी जारी है।

बस्तर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया हैपुलिस अधीक्षक ने कहा कि नशे के अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए जिले में लगातार अभियान चलाया जा रहा है और ऐसे मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरती जाएगी। उन्होंने आम नागरिकों से भी अपील की कि यदि उन्हें नशीले पदार्थों की तस्करी से जुड़ी कोई सूचना मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *