‘ABP न्यूज’ से जुड़ीं सीनियर एंकर चित्रा त्रिपाठी

राष्ट्रीय

सीनियर टीवी जर्नलिस्ट और जानी-मानी न्यूज एंकर चित्रा त्रिपाठी ने हिंदी न्यूज चैनल ‘एबीपी न्यूज’ (ABP News) जॉइन कर लिया है। इसके साथ ही समाचार4मीडिया की उस खबर पर मुहर लग गई है, जिसमें बताया गया था कि ‘आजतक’ में अपनी पारी को विराम देने के बाद चित्रा त्रिपाठी ‘एबीपी न्यूज’ के साथ अपनी नई पारी शुरू कर सकती हैं।

‘एबीपी न्यूज’ के साथ अपनी नई पारी के बारे में चित्रा त्रिपाठी ने खुद सोशल मीडिया पर जानकारी शेयर की है। एक अन्य ट्वीट में उन्होंने ‘आजतक’ के साथ अपनी पारी की आधिकारिक रूप से घोषणा भी कर दी है। फिलहाल, वह सैफई से रिपोर्टिंग कर रही हैं, जहां सपा संरक्षक और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव का अंतिम संस्कार होना है।

बता दें कि चित्रा त्रिपाठी ने कुछ समय पहले ‘आजतक’ से इस्तीफा दे दिया था। चित्रा त्रिपाठी इस चैनल से करीब पौने चार साल से जुड़ी हुई थीं और बतौर एडिटर व सीनियर एंकर अपनी जिम्मेदारी संभाल रही थीं। चित्रा ‘आजतक’ पर शाम पांच बजे का डिबेट शो ‘दंगल’ कर रही थीं। शाम पांच बजे तकरीबन सभी न्यूज चैनल्स पर डिबेट का कार्यक्रम होता है, जिसमें ‘दंगल’ TRP में नंबर वन है। इसके अलावा चित्रा शाम सात बजे न्यूज बुलेटिन ‘शंखनाद’ कर रही थीं।

‘आजतक’ से पहले भी चित्रा त्रिपाठी ‘एबीपी न्यूज’ से जुड़ी हुई थीं। ऐसे में एक तरह से इसे उनकी ‘घर वापसी’ भी कहा जा सकता है। वह ‘एबीपी न्यूज’ में ‘2019 कौन जीतेगा’ शो करती थीं, साथ ही उनके पास ‘प्रेस कॉन्फ्रेंस’ जैसा बड़ा वीकली प्रोग्राम भी था। ‘एबीपी’ में उन्हें सियाचिन में की गई रिपोर्टिंग के लिए बेस्ट रिपोर्टर का अवॉर्ड भी मिल चुका है, जबकि #कौनबनेगामुख्यमंत्री, #मोदीकेचारसाल और #बिहारकानेता कैसा हो, जैसे फ्लैगशिप शो जो लोगों के बीच जाकर किए गए, के जरिये उन्हें बड़ी पहचान मिली और एबीपी प्रबंधन ने उन्हें सम्मानित किया।

चित्रा त्रिपाठी इंडस्ट्री में अपनी पॉलिटिकल एंकरिंग/रिपोर्टिंग के लिए जानी जाती हैं। चुनाव के दौरान उनका फील्ड में उतरना उनकी यूएसपी (USP) मानी जाती है। कई-कई घंटों तक नॉनस्टॉप काम करके चित्रा ने अपनी अलग पहचान बनाई है।