उत्तर भारत में भीषण गर्मी…. केरल में बारिश से 4 की मौत…

राष्ट्रीय

मौसम का अलग-अलग मिजाज देखने को मिल रहा है। उत्तर भारत में भीषण गर्मी ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, गुजरात और मध्य प्रदेश में कई स्थानों पर अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया है। दूसरी ओर, केरल के कई हिस्सों में मूसलाधार बारिश से कम से कम 4 लोगों की मौत हो गई है। यहां बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है। राजस्थान के बाड़मेर में तापमान 48 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया है। ये इस साल भारत के किसी शहर में दर्ज किया गया सबसे अधिक तापमान है। बाड़मेर की सड़कों पर दमकल विभाग पानी का छिड़काव कर रहा है। 26 मई तक यहां भीषण लू की चेतावनी जारी की गई है।
22 मई को चूरू में 47.4, फलोदी में 47.8 और जैसलमेर में 47.2 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने केरल के 5 जिलों में बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। एर्नाकुलम जिले में कोचीन नगर निगम के कुछ हिस्से पानी में डूब गए हैं। मछुआरों को अगले आदेश तक समुद्र में न जाने की चेतावनी दी गई है।
खराब मौसम के कारण कम से 4 उड़ानों को डायवर्ट किया गया है और एक को रद्द कर दिया गया है। अगले कुछ दिनों में ओडिशा में भी बारिश की संभावना जताई गई है।