सेक्सुअल साइकोपैथ गिरफ्तार: महिला से रेप के बाद हत्या, शव के साथ भी दुष्कर्म की कोशिश

रायपुर में महिला की हत्या और दूसरी महिला से मारपीट के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। मुजगहन थाना क्षेत्र में हुई महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी देवेन्द्र कुमार साहू उर्फ राकेश उर्फ मंछला को गिरफ्तार किया है। आरोपी की उम्र 29 साल है। पूछताछ में उसने महिला के साथ दुष्कर्म करने के बाद उसकी हत्या करने की बात स्वीकार की है। पुलिस के मुताबिक आरोपी अकेली महिलाओं को देखकर उनका पीछा करता था और सुनसान जगह मिलने पर उन्हें निशाना बनाता था।

यह मामला 21 जुलाई 2026 का है। न्यू स्वागत विहार के पास एक खाली प्लॉट में भरे पानी में महिला का शव मिला था। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकाला। महिला के शरीर पर चोट और खरोंच के निशान मिले थे।

वह बोरियाकला की रहने वाली थी और पास की एक सोसाइटी में खाना बनाने का काम करती थी। 21 जुलाई की सुबह वह काम के लिए घर से निकली थी, लेकिन शाम तक घर नहीं लौटी। इसके बाद उसकी तलाश शुरू हुई। बाद में कुछ लोगों ने झाड़ियों के पीछे पानी भरी जमीन में उसका शव देखा और पुलिस को सूचना दी।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच के लिए 8 से ज्यादा टीमें बनाई थीं। टीमों ने घटनास्थल के आसपास के इलाकों और आने-जाने वाले रास्तों पर लगे सैकड़ों CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके अलावा संदिग्ध लोगों से पूछताछ की गई और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपी तक पहुंचने की कोशिश की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने पुराने अपराधों में शामिल आरोपियों और महिला अपराध से जुड़े मामलों की भी जानकारी जुटाई। इसी दौरान देवेन्द्र कुमार साहू के बारे में पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की तो दोनों घटनाओं से जुड़े कई तथ्य सामने आए।

पुलिस के अनुसार आरोपी अक्सर अकेली महिलाओं को देखकर उनका साइकिल से पीछा करता था। 21 जुलाई को भी उसने महिला को अकेले जाते हुए देखा और साइकिल से उसका पीछा किया। सुनसान जगह पर पहुंचने के बाद आरोपी ने महिला को पकड़ लिया और उसके साथ मारपीट की।

पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने बताया कि महिला को घटनास्थल के पास ले जाने के बाद उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद उसने महिला का गला दबाया और उसके मुंह तथा नाक को पानी में डुबो दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। आरोपी ने महिला के शव के साथ भी दुष्कर्म करने की कोशिश की। इसके बाद वह महिला का मोबाइल फोन अपने पास रखकर साइकिल से मौके से फरार हो गया।

पुलिस जांच में आरोपी का एक और मामला सामने आया। 5 अगस्त की रात सेजबहार इलाके में एक महिला घर जा रही थी। इसी दौरान आरोपी उसके पीछे पहुंचा और उसे गाली देते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उसने महिला को नाली में गिरा दिया और उसके साथ मारपीट की।

महिला ने शोर मचाया तो आसपास के लोगों के आने की आशंका में आरोपी मौके से भाग गया। पुलिस ने इस मामले की भी जांच शुरू की और दोनों घटनाओं के बीच आरोपी की गतिविधियों को जोड़कर देखा।

पुलिस के मुताबिक देवेन्द्र कुमार साहू की आपराधिक पृष्ठभूमि भी सामने आई है। वर्ष 2017 में वह दुष्कर्म से जुड़े एक पॉक्सो मामले में जेल जा चुका है। इस मामले में उसे 10 साल की सजा सुनाई गई थी। पुलिस आरोपी की मानसिक स्थिति की भी जांच करा रही है। शुरुआती जांच में उसमें सेक्सुअल साइकोपैथ प्रवृत्ति के संकेत मिलने की बात पुलिस ने कही है।

पुलिस अब आरोपी से जुड़े अन्य पुराने मामलों और उसकी गतिविधियों की भी जानकारी जुटा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि कहीं आरोपी ने इसी तरह की अन्य घटनाओं को तो अंजाम नहीं दिया है।