शाह बोले- TMC ने बंगाल के ₹5000 करोड़ गायब किए, ममता ने कहा – 19 राज्य और केंद्र सरकार मेरे खिलाफ

गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को पश्चिम बंगाल के बीरभूम में जनसभा की। उन्होंने कहा कि ममता दीदी कहती हैं कि महिलाओं को शाम 7 बजे के बाद घर से बाहर नहीं निकलना चाहिए। उन्हें शर्म आनी चाहिए। हमारी सरकार आएगी तो बच्चियां रात 1 बजे भी बाहर निकल पाएंगी। TMC सरकार पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि कैश फॉर क्वेरी, 26 हजार शिक्षकों की भर्ती, गाय तस्करी और पीएम आवास में TMC ने घोटाले किए। इन घोटालों में बंगाल की जनता के 5000 करोड़ रुपए गायब हो गए। हमारी सरकार बनते ही हम TMC से पाई-पाई का हिसाब लेंगे। UCC (समान नागरिक संहिता) पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि हम बंगाल में UCC लाएंगे। आज बंगाल में कुछ लोग चार शादियां करते हैं, हमारे कानून बनने के बाद वे ऐसा नहीं कर पाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि TMC ने BSF की फेंसिंग के लिए जमीन नहीं दी। हमारी सरकार बनते ही BSF को राज्य की सीमा पर फेंसिंग के लिए जमीन दे दी जाएगी।

वहीं पश्चिम बंगाल के सूरी में एक चुनावी सभा के दौरान ममता बनर्जी ने कहा- 19 राज्य और केंद्र सरकार मेरे खिलाफ एकजुट हो गए हैं, मैं अकेले ही आम लोगों के लिए लड़ रही हूं। बीरभूम TMC का मजबूत गढ़ माना जाता है। 2021 में बीरभूम जिले की 11 में से 10 सीटों पर TMC जीती थी। यहां ध्रुवीकरण भी एक बड़ा मुद्दा रहा है। बीरभूम में 63% हिंदू और 37% मुस्लिम आबादी है। BJP ने पिछले कुछ सालों में यहां अपना जनाधार बढ़ाया है और अवैध बालू खनन, भ्रष्टाचार और हिंसा जैसे मुद्दों को लेकर TMC को घेर रही है।