‘बेटा प्रदर्शन करो…’, शादाब खान पर भड़के शाहिद आफरीदी, मैदान पर जवाब देने की दी सलाह

आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 के बीच ही ऑलराउंडर शादाब खान के बयान ने पाकिस्तान क्रिकेट में नया विवाद खड़ा कर दिया है. अब शादाब के बयान पर पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी ने खुलकर प्रतिक्रिया दी है. आफरीदी ने कहा कि 2021 में भारत को हराने के बाद पाकिस्तानी खिलाड़ियों को जो सम्मान मिला, उसे वे संभाल कर रख नहीं पाए. कोलंबो में नामीबिया के खिलाफ ग्रुप-ए मुकाबले में जीत के बाद शादाब खान से पूर्व खिलाड़ियों की आलोचना पर सवाल किया गया. जवाब में उन्होंने याद दिलाया कि वह उस टीम का हिस्सा थे, जिसने टी20 वर्ल्ड कप 2021 के दौरान दुबई में भारत को हराया था. यह टिप्पणी पाकिस्तान में कई पूर्व खिलाड़ियों को रास नहीं आई.

15 फरवरी को भारत से हार के बाद शाहिद आफरीदी और मोहम्मद यूसुफ ने बाबर आजम, शाहीन शाह आफरीदी और शादाब खान को टीम से बाहर करने की बात कही थी. हालांकि इसके बाद सलमान अली आगा की अगुवाई में पाकिस्तान ने नामीबिया को 102 रन से हराकर सुपर-8 में जगह पक्की की. नामीबिया के खिलाफ मैच में शादाब ने नाबाद 35 रन बनाए और तीन विकेट लेकर शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन किया. बावजूद इसके, उनकी प्रेस कॉन्फ्रेंस टिप्पणी पर विवाद बढ़ गया. शाहिद अफरीदी ने कहा, “शादाब बिल्कुल सही कह रहे हैं कि हम अपने दौर में वर्ल्ड कप में भारत को नहीं हरा सके, लेकिन उनकी टीम ने यह किया. उन्हें उस जीत के बाद सम्मान मिला, लेकिन वे उसे संभाल नहीं पाए. मेरा सम्मान से मतलब है कि भारत को हराने के बाद टीम के भीतर जो हालात बने, उन्हें वे संभाल नहीं सके. शादाब को यह भी याद रखना चाहिए कि जब वह टीम के लिए प्रदर्शन नहीं कर पा रहे थे, तब हम लोगों ने राष्ट्रीय टीवी पर उनका समर्थन किया और कहा कि वह टीम की रीढ़ हैं.’

शाहिद आफरीदी ने आगे कहा, ‘मैं शादाब को जानता हूं, वह बहुत अच्छे इंसान हैं और हमेशा सम्मान से बात करते हैं, हमारे दौर में जब कोई हम पर सवाल उठाता था, तो हम मैदान पर प्रदर्शन से जवाब देते थे, सिर्फ छोटी टीमों के खिलाफ नहीं, बल्कि बड़ी टीमों के खिलाफ भी. तो शादाब बेटा, आप भी प्रदर्शन करिए. बेटा, प्रदर्शन करो. हमने मुश्किल समय में तुम्हारा साथ दिया. आपने घरेलू क्रिकेट नहीं खेला, फिर भी राष्ट्रीय टीम में जगह मिली. अगर हमें जवाब देना है, तो मैदान पर प्रदर्शन करके दो. वर्ल्ड कप खत्म होने दो, फिर हम चुप हो जाएंगे.’

रिपोर्ट्स के मुताबिक शादाब खान की टिप्पणी पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) को भी पसंद नहीं आई और उन्हें चेतावनी दी गई है. अन्य खिलाड़ियों को भी निर्देश दिया गया है कि वे सिर्फ टूर्नामेंट और टीम के प्रदर्शन पर ही बात करें. पाकिस्तान अब सुपर-8 में अपन पहला मुकाबला शनिवार को कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेलेगा. अब देखना होगा कि मैदान पर प्रदर्शन इस बयानबाजी से बड़ा साबित होता है या नहीं.