अमेरिका में हाई स्कूल हॉकी मैच के दौरान गोलीबारी, 2 की मौत, शूटर ने खुद को भी गोली मारी

अमेरिका के रोड आइलैंड में सोमवार दोपहर हाई स्कूल हॉकी मैच के दौरान गोलीबारी हो गई। पुलिस के मुताबिक इस हमले में तीन लोगों की मौत हो गई, जिनमें हमलावर भी शामिल है। तीन अन्य लोग गंभीर हालत में हैं। घटना दोपहर करीब 2:30 बजे हुई। पुलिस प्रमुख टीना गोंकाल्वेस ने इसे ‘टारगेटेड इवेंट’ बताया है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा हो सकता है, हालांकि मकसद अब तक साफ नहीं है। पुलिस प्रमुख टीना गोंकाल्वेस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि दोनों टीमें सीनियर नाइट मना रही थीं, तभी गोलीबारी शुरू हुई। मैदान में दो टीमें आमने-सामने थीं। इन टीमों में आसपास के कई स्कूलों के खिलाड़ी शामिल थे। मौके पर अफरातफरी मच गई। मेयर डोनाल्ड आर. ग्रेबिएन ने इसे बेहद डरावना अनुभव बताया। उन्होंने कहा, ‘ये हाई स्कूल के बच्चे थे, परिवार उनके साथ मैच देख रहे थे। एक खुशी का माहौल अचानक डर और दहशत में बदल गया।’

मैच की लाइव स्ट्रीम में दिखा कि जैसे ही एक टीम डिफेंस से निकालने की कोशिश कर रही थी, तभी अचानक गोलियों की आवाज गूंजी। खिलाड़ी बेंच के पीछे छिपने लगे। रेफरी ने तुरंत सीटी बजाकर मैच रोका और बर्फ से बाहर चले गए। कुछ ही सेकंड में दोनों टीमें रिंग छोड़कर बोर्ड के ऊपर से कूदते हुए दूसरी तरफ के एग्जिट की ओर भागीं। पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची। घटना के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात रहा। सोमवार शाम तक एरिना के आसपास सड़कों पर पुलिस की गश्त जारी थी। कोवेंट्री पब्लिक स्कूल डिस्ट्रिक्ट के सुपरिंटेंडेंट डॉन कोवार्ट ने बयान जारी कर कहा कि उनकी हॉकी टीम के सभी छात्र सुरक्षित हैं। उन्होंने कहा कि कोवेंट्री पुलिस का एक अधिकारी छात्रों के साथ मौके पर मौजूद है।

नॉर्थ स्मिथफील्ड हाई स्कूल के प्रिंसिपल डैन गेराग्टी ने भी बयान में कहा कि उनके सभी छात्र, खिलाड़ी और दर्शक सुरक्षित हैं। उन्होंने कहा, “यह खबर दिल तोड़ने वाली है। हमारा समुदाय इससे हिल गया है।”पुलिस प्रमुख ने बताया कि कानून प्रवर्तन एजेंसियां स्कूलों के साथ मिलकर छात्रों को काउंसलिंग सेवा उपलब्ध कराएंगी। उन्होंने कहा कि इस घटना का असर बच्चों पर देर से भी सामने आ सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed