अंतरिक्ष में दिखा टूटता हुआ तारा, सामने आई खूबसूरत तस्वीर

ब्रह्मांड में होने वाली हलचल जब भी कैमरे में कैद होती है, वह किसी चमत्कार से कम नहीं लगती है. क्या आपने कभी सोचा है कि जिस टूटते हुए तारे को हम हसरत भरी निगाहों से देखते हैं, वह अंतरिक्ष से कैसा दिखाई देता होगा? नासा की अंतरिक्ष यात्री जेसिका मीर ने इंटरनेशलन स्पेस स्टेशन से एक ऐसी ही दुर्लभ तस्वीर शेयर की है, जिसे देखकर आप भी हैरान हो जाएंगे.नासा की अंतरिक्ष यात्री जेसिका मीर ने अपनी पोस्ट में बताया कि स्पेस स्टेशन के क्यूपोला यानी खिड़कियों वाला हिस्सा से उन्होंने इस घटना को कैमरे में कैद कर लिया. जेसिका ने अपना एक्सपीरियंस शेयर करते हुए लिखा कि वह बहुत भाग्यशाली रहीं कि उन्हें सही समय पर कैमरे से इन नजारों को शूट करने का मौका मिला. जहां पृथ्वी पर मौजूद लोग जमीन से आसमान की तरफ देखते हैं, वहीं स्पेस स्टेशन से यह नजारा बिलकुल अलग और भव्य नजर आता है.

शेयर की गई तस्वीर के बारे में विस्तार से बताते हुए जेसिका ने कहा कि उन्होंने इसे थ्री-सेकंड एक्सपोजर के साथ क्लिक किया है. इस टेक्नोलॉजी की वजह से तस्वीर के दाईं तरफ जमीन पर मौजूद शहरों की रोशनी चमकती हुई लकीरों की तरह दिखाई दे रही है. वहीं बाईं तरफ एक उल्का की लकीर साफ दिखाई दे रही है.

लिरिड उल्कावृष्टि यानी उल्कापात साल में होने वाली एक खगोलीय घटना है. उन्होंने यह भी बताया कि लिरिड उल्कापात हर साल अप्रैल में होता है और इसे उत्तरी गोलार्ध में आसानी से देखा जा सकता है. जेसिका ने बताया कि उत्तरी गोलार्ध में रहने वाले लोग आसमान में लाइरा नक्षत्र की तरफ देखने पर इन टूटते हुए तारों को देख सकते हैं.