महाराष्ट्र : पुणे में NCP के पूर्व पार्षद वनराज आंदेकर की गोली मारकर हत्या

राष्ट्रीय

पुणे में NCP अजित गुट के नेता और पूर्व पार्षद वनराज आंदेकर की रविवार रात गोली मारकर हत्या कर दी गई। पूर्व पार्षद पर ताबड़तोड़ पांच गोलियां चलाई गईं। फायरिंग के बाद वनराज आंदेकर को गंभीर हालत में हॉस्पिटल में भर्ती किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि पुणे के नानापेठ के डोके तलीम इलाके में यह घटना देर शाम करीब 8:30 बजे हुई। आशंका है कि वर्चस्व विवाद के चलते आंदेकर की हत्या की गई है। आंदेकर के रिश्तेदारों पर ही हत्या का शक है। पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

CCTV फुटेज में 5-6 बाइक से आए करीब 12 युवक एक साथ आंदेकर पर हमला बोलते दिखे . आंदेकर अपनी जान बचाने के लिए पीछे की ओर भागने लगे। इसी दौरान एक हमलावर ने आंदेकर पर कान से सटाकर गोली मारी। आंदेकर के खून से लथपथ होने के बाद हमलावर ने हवा में बंदूक लहराते हुए फायरिंग की। इसके बाद सब मौके से फरार हो गए। आंदेकर की हत्या के लिए हमलावरों ने प्लानिंग की थी। इलाके की लाइट काट दी गई थी। लाइट न होने के कारण आंदेकर सड़क पर बाहर अकेले खड़े थे। हमलावर चाकू लेकर भी मौके पर पहुंचे थे। हालांकि, अभी तक चाकू से हमले की बात सामने नहीं आई है।