दुर्ग : श्याम शर्मा बने दुर्ग निगम के सभापति, 49 मतों से कांग्रेस प्रत्याशी को हराया

क्षेत्रीय

छत्तीसगढ़ : दुर्ग नगर निगम के नए सभापति श्याम शर्मा होंगे। 7 मार्च को हुए चुनाव में कुल 61 मत डाले गए। इसमें श्याम शर्मा को 49 मत मिले तो वहीं कांग्रेस प्रत्याशी भास्कर कुंडले को मात्र 12 मत से संतोष करना पड़ा। सभापति पद के लिए भाजपा ने वार्ड क्रमांक 30 से पार्षद श्याम शर्मा को अपना उम्मीदवार बनाया, जबकि कांग्रेस की ओर से वार्ड क्रमांक 49 के पार्षद भास्कर कुंडले को प्रत्याशी घोषित किया गया। यह चुनाव निगम परिसर में संपन्न हुआ। चुनाव प्रक्रिया के तहत दोपहर 12 बजे से 12:30 बजे तक नामांकन पत्र जारी करने और जमा करने की प्रक्रिया पूरी की गई। इसके पश्चात दोपहर 1 बजे से 1:30 बजे तक नामांकन पत्रों की जांच की गई। दोपहर 2 बजे से 2:30 बजे तक पार्षदों ने अपने-अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद शाम को परिणाम घोषित किए गए। दोनों ही दलों ने अपने प्रत्याशियों को सर्वसम्मति से मैदान में उतारा, और इस पर किसी प्रकार का विरोध दर्ज नहीं किया गया। यदि निर्विरोध स्थिति बनती, तो नाम वापसी के तुरंत बाद परिणाम घोषित किए जाते। हालांकि, मतदान के बाद स्पष्ट बहुमत के साथ भाजपा प्रत्याशी श्याम शर्मा ने 49 मत प्राप्त कर जीत हासिल की, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी भास्कर कुंडले को केवल 12 मत प्राप्त हुए। चुनाव के दौरान जिला कलेक्टर अभिजीत सिंह पीठासीन अधिकारी के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने महापौर अलका बाघमार और निगम आयुक्त सुमित अग्रवाल की उपस्थिति में नव-निर्वाचित सभापति श्याम शर्मा को पदभार ग्रहण कराया।