दुबई हवाई अड्डे के पास धमाके के बाद सिंधू और कोच इरवांस्याह सुरक्षित

दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधू ने रविवार को दुबई हवाई अड्डे पर स्थिति को ‘तनावपूर्ण और डरावना’ बताया क्योंकि जहां खाड़ी क्षेत्र में बढ़ते तनाव के बीच वह और उनके इंडोनेशियाई कोच रुके हुए थे और उसके पास एक धमाका हुआ। ईरान के मिसाइल हमलों के बाद खाड़ी देशों के कुछ हिस्सों में धमाकों की खबरें आई हैं जिसमें संयुक्त अरब अमीरात भी शामिल है। इसके बाद कई विमान कंपनियों को या दो अपनी उड़ानें रद्द करनी पड़ी या मार्ग बदलना पड़ा। सिंधू को तीन मार्च से शुरू होने वाली ऑल इंग्लैंड ओपन बैडमिंटन चैंपियनशिप में हिस्सा लेना है और वह शनिवार से अपने इंडोनेशियाई कोच इरवांस्याह आदि प्रतामा के साथ दुबई में फंसी हुई हैं क्योंकि क्षेत्र में मिसाइल हमलों के बीच वायुक्षेत्र को बंद किया गया है।

सिंधू ने बताया, ‘‘जैसे ही हमारा विमान दुबई में उतरा तो हमारे नियंत्रण से बाहर की चीजें होने लगीं। थोड़ी देर बाद वायु क्षेत्र बंद कर दिया गया और पिछले कुछ घंटे बहुत तनाव वाले रहे। हम ऊपर से इंटरसेप्शन की आवाजें सुन सकते थे।’’ उन्होंने कहा, ‘‘कुछ घंटों बाद दुबई हवाई अड्डे पर हम जहां छिपे हुए थे उसके बहुत पास एक धमाका हुआ। जब यह हुआ तो मेरे कोच मुश्किल से 100 मीटर दूर थे और जल्दी से उस जगह से बाहर निकलना पड़ा। इतने पास से ऐसा कुछ महसूस करना सच में दिल दहला देता है।’’

सिंधू के इंडोनेशियाई कोच इरवांस्याह आदि प्रतामा ने भी पीटीआई को घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि वह बाल-बाल बचे।

इरवांस्याह ने कहा, ‘‘हवाई अड्डे पर धमाका हुआ था इसलिए हम इस समय यहीं फंसे हुए हैं। उन्होंने हमें होटल में रखा है। हम ठीक हैं लेकिन फिर भी थोड़ी चिंता है। हम ऑल इंग्लैंड के लिए जाना चाहते हैं। मुझे उम्मीद है कि हम आज उड़ान ले पाएंगे क्योंकि सिंधू का मैच बुधवार को है।’’

सिंधू ने इस मुश्किल समय में मदद के लिए दुबई में भारत के महावाणिज्य दूत का भी शुक्रिया अदा किया।

उन्होंने कहा, ‘‘हम सब अब सुरक्षित हैं और दुबई हवाई अड्डे के स्टाफ और दुबई अधिकारियों की लगातार कोशिशों की वजह से हमें अधिक सुरक्षित जगह पर ले जाया गया है।’’

एयर इंडिया ने खाड़ी देशों के बड़े स्थलों के लिए अपनी सभी सेवा रद्द करने का ऐलान किया है जबकि दुबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे ने वायु क्षेत्र पाबंदियों की वजह से संचालन अनिश्चित समय के लिए रोक दिया है।

इस बीच विश्व बैडमिंटन महासंघ (बीडब्ल्यूएफ) ने कहा कि वह बैडमिंटन इंग्लैंड के साथ पश्चिम एशिया में चल रही भूराजनैतिक स्थिति से पैदा होने वाली यात्रा चुनौतियों पर करीब से नजर रख रहा है।