33 साल बाद भाई से मिली बहन, एक फोटो के सहारे ढूंढ निकाला खोया हुआ भाई
कहते हैं सच्चा रिश्ता वक्त और दूरी से नहीं टूटता. चीन की एक बहन ने इस बात को सच साबित कर दिया. उसने अपने अपहृत भाई को 33 साल बाद सिर्फ एक पुरानी तस्वीर के सहारे ढूंढ निकाला। यह कहानी आज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है. साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट के मुताबिक, यह दर्दनाक कहानी चीन की है. ली लिन (अब 44 साल) और उनके छोटे भाई ली शिन बचपन में ही अनाथ हो गए थे. मां की मौत कैंसर से हो गई और पिता मानसिक रूप से टूट गए. ऐसे में दोनों भाई-बहन को खाने के लिए इधर-उधर भटकना पड़ता था. एक दिन बारिश से बचने के लिए दोनों एक ट्रक में जाकर छिप गए, लेकिन वह ट्रक उन्हें एक अनजान शहर में ले गया. वहीं एक अजनबी महिला ने छोटे भाई को खाने के लिए ब्रेड दी और उसे अपने साथ ले गई. ली लिन ने इसे मदद समझा, लेकिन उनका भाई कभी वापस नहीं लौटा.
भाई के खोने के बाद ली लिन ने पूरी जिंदगी उसे ढूंढने में लगा दी. उन्होंने करीब 1 मिलियन युआन (लगभग 1.2 करोड़ रुपये) खर्च कर दिए. मजदूरी की, ईंटें ढोईं, होटल में बर्तन धोए और पूरे देश में हजारों पर्चे बांटे. सबसे बड़ी बात, उनके पास कोई डीएनए या ठोस सबूत नहीं था, बस एक पुरानी बचपन की फोटो थी.
उनके भाई ली शिन को ग्वांगडोंग में एक परिवार ने गोद ले लिया और उसका नाम बदलकर हान रख दिया गया. उसने कई बार भागने की कोशिश की. भीख मांगकर गुजारा किया. और उसका बचपन बेहद कठिन परिस्थितियों में बीता.
यह कहानी तब पूरी हुई जब जियांग्शी प्रांत के एक पुलिस अधिकारी ने उस पुरानी फोटो के आधार पर एक संभावित व्यक्ति की पहचान की. बाद में डीएनए टेस्ट कराया गया, जिसमें यह पुष्टि हुई कि वही व्यक्ति ली लिन का खोया हुआ भाई है. 33 साल बाद दोनों भाई-बहन आखिरकार मिल गए.
