ननद ने मर्डर के बाद भाभी के कपड़े फाड़े, वारदात को रेप दिखाने की कोशिश की

छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में आपसी विवाद में ननद ने भाभी को कुल्हाड़ी से काट डाला। इसके बाद मर्डर को रेप जैसा दिखाने के लिए उसने लाश के कपड़े फाड़ दिए, ताकि पुलिस गुमराह हो जाए और शक किसी पुरुष पर जाए। आरोपी ने सोशल मीडिया से देखकर ये आईडिया सीखा था। मामला लोहारा थाना क्षेत्र के ग्राम सिंगारपुर का है। दरअसल, घर के कामकाज और बंटवारे की बात को लेकर ननद-भाभी के बीच तानेबाजी और झगड़ा होता था। दोनों के बीच पहले भी कई बार मारपीट हो चुकी थी। जिसके बाद ननद ने प्लानिंग कर भाभी का मर्डर किया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। 3 मई को बेलसिया छेदैया (32) खेत में काम करने गई थी। तभी प्लानिंग के तहत ननद ने बेलसिया पर पीछे से हमला कर दिया। उसने कुल्हाड़ी से सिर पर लगातार कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। आरोपी चाहती थी कि मामला दुष्कर्म या सामूहिक अपराध जैसा लगे, इसलिए उसने शव को निर्वस्त्र किया।

पुलिस जांच में पता चला कि, आरोपी मालती मरकाम (33) का पति नरेन्द्र मरकाम शराब पीकर उसके साथ मारपीट करता था। इस वजह से वह लगभग 5 साल पहले अपने ससुराल को छोड़कर मायके ग्राम सिंगारपुर चली आई और तब से यहीं रह रही थी। घर के कामकाज और बंटवारे की बात को लेकर दोनों के बीच झगड़े होते रहते थे। इससे पहले भी कई बार मारपीट हो चुकी थी। भाभी के ताने से ननद परेशान थी। जिसके बाद उसने सोशल मीडिया में देखकर भाभी को मारने की प्लानिंग की। करीब 6 महीने पहले भी आरोपी महिला ने भाभी का गला दबाकर मारने की कोशिश की थी, लेकिन उस समय परिवार के लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया था।

जानकारी ​के मुताबिक, घटना 3 मई 2026 को सामने आई, जब झोंकाखार खेत में एक महिला का शव संदिग्ध अवस्था में मिला। सूचना मिलते ही लोहारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। महिला का शव निर्वस्त्र पड़ा था, उसके सिर और चेहरे पर गंभीर चोट के निशान थे।

शुरुआती जांच में पुलिस इसे रेप के बाद हत्या का मामला मान रही थी। पुलिस ने मौके पर मर्ग पंचनामा की कार्रवाई की और अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच में पता चला कि महिला ग्राम सिंगारपुर निवासी बेलसिया छेदैया (32) है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी धर्मेंद्र सिंह ने जांच टीम का गठन किया और तुरंत जांच के निर्देश दिए। पुलिस ने घटनास्थल की बारीकी से जांच की। जांच के दौरान लोहे की रपली (छोटी कुल्हाड़ी), हंसिया, टूटी चूड़ियां, कपड़ों के टुकड़े, बटन और साड़ी पिन जैसे अहम सबूत मिले। साइबर सेल और एफएसएल टीम की मदद से इसकी जांच की गई।

जांच में पता चला कि महिला के साथ रेप नहीं हुआ है, बल्कि शव को निर्वस्त्र जानबूझ कर किया गया था, ताकि मामला रेप का लगे। पुलिस टीम ने बेलसिया के परिजनों और संदिग्धों से पूछताछ की। इसके बाद संदेही मालती मरकाम से लगातार पूछताछ की गई। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने मोबाइल और सोशल मीडिया में इस तरह की घटनाएं देखी थीं, उसी से उसे यह तरीका सूझा।

हालांकि, पुलिस की शुरुआती जांच और मेडिकल रिपोर्ट में साफ हो गया कि बेलसिया के साथ किसी तरह का दुष्कर्म नहीं हुआ था। पूरी वारदात पारिवारिक रंजिश में की गई थी।

पुलिस ने आरोपी मालती मरकाम को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।