4 बच्चों संग दो बहनें कुएं में कूदीं… सभी 6 की मौत; एक झटके में उजड़ गए दो परिवार
मध्य प्रदेश : शिवपुरी जिले में बुधवार को सामने आए दो दर्दनाक घटनाक्रमों ने हर किसी को झकझोर दिया. बैराड़ थाना क्षेत्र के गूंगरगांव में छोटी बहन अंजली रावत (35) ने अपने 6 साल के बेटे प्रशांत के साथ कुएं में छलांग लगा दी, जिससे दोनों की मौत हो गई. अंजली आठ माह की गर्भवती थी. इस घटना के बाद कोलारस थाना क्षेत्र के खोंकर गांव में उसकी बड़ी बहन सीता रावत ने भी अपने तीन बच्चों के साथ कुएं में छलांग लगा दी. सीता (40) और उसके तीनों बच्चों बच्चों राखी (14), प्रियंका (11) और बेटे श्लोक (6) की की भी जान चली गई. दोनों घटनाओं में दो बहनों समेत कुल छह लोगों की मौत हुई है. पुलिस दोनों मामलों की अलग-अलग जांच कर रही है. दोनों परिवारों में मातम पसरा है. जानकारी के अनुसार, सीता रावत बुधवार को अपने तीन बच्चों के साथ खोंकर गांव स्थित खेत पर गई थी.
शाम को लगभग छह बजे तक जब सीता घर वापस नहीं आई तो परिवार वालों ने उसको खोजना शुरू किया. परिवार वाले उसको और बच्चों को खोजते-खोजते खेत पर पहुंचे. कुएं में झांकने पर एक बच्चे का शव दिखा. इसके बाद पुलिस को जानकारी दी गई. कोलारस पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को बाहर निकलवाया. बुधवार रात करीब 11 बजे तक सीता और उसके तीनों बच्चों के शव कुएं से निकाल लिए गए.
बुधवार को दोपहर करीब एक बजे अंजलि अपने छह साल के बेटे प्रशांत के साथ कुएं में कूद गई थी. उसकी तीन बेटियां भी साथ थीं. बड़ी बेटी मोनिका ने खुद और अपनी दोनों छोटी बहनों को बचा लिया. उसने घर जाकर परिवार वालों को बताया. फिर परिवार वालों ने मौके पर पहुंचकर अंजलि और प्रशांत को कुएं से बाहर निकाला, लेकिन तब तक दोनों दम तोड़ चुके थे. अंजलि आठ महीने की गर्भवती थी.
उसकी मौत के साथ गर्भ में पल रहे बच्चे की भी मृत्यु हो गई. इधर सीता के परिवार वाले उसके द्वारा उठाए गए कदम को छोटी बहन अंजलि की मौत के सदमे से जोड़ रहे हैं. पुलिस दोनों मामलों की अलग-अलग जांच में जुटी है.
