रनवे से फिसला… गाड़ियों से टकराया, अमेजन कार्गो प्लेन क्रैश का खौफनाक VIDEO
अमेरिका के मियामी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर अमेजन के कार्गो विमान के साथ बड़ा हादसा हुआ है. लैंडिंग के दौरान विमान रनवे से आगे निकल गया और किनारे खड़ी गाड़ियों से जा टकराया. टक्कर के बाद विमान में भीषण आग लग गई. हादसे में कम से कम 5 लोगों की मौत हुई है, जबकि 5 अन्य घायल हुए हैं. इनमें 3 लोगों की हालत गंभीर बताई गई है.
हादसा स्थानीय समय के मुताबिक दोपहर करीब 2 बजे हुआ. विमान सैन जुआन, प्यूर्टो रिको से मियामी पहुंच रहा था. सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में नीले और सफेद रंग का बोइंग 767 रनवे से बाहर जाता और पास की सड़क पर खड़े वाहनों से टकराता दिखाई दे रहा है. इसके बाद विमान से घना धुआं उठता नजर आया और दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं.
मियामी-डेड काउंटी के फायर चीफ रे जदल्लाह ने बताया कि विमान ने कुछ वाहनों को टक्कर मारी, जिसमें कुछ लोग फंस गए थे. राहत और बचाव दल को एक व्यक्ति को वाहन के नीचे से भी निकालना पड़ा.
हादसे के बाद विमान के पायलट और को-पायलट भी कॉकपिट में फंस गए थे. हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि दोनों पायलट सुरक्षित हैं या नहीं. यह भी साफ नहीं हुआ है कि मृतकों में सभी वाहन में सवार लोग थे या नहीं.
🚨 Update: Deadly Cargo Plane Crash at Miami International Airport
At least five people have died and five others were injured after an Amazon Prime Air cargo aircraft overran the runway at Miami International Airport on Sunday afternoon, striking multiple vehicles and bursting… pic.twitter.com/6XLpT6mVaP
— FL360aero (@fl360aero) September 7, 2026
हादसे के बाद मियामी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उड़ानें प्रभावित हुईं. एयरपोर्ट ने सभी रनवे और टैक्सीवे बंद कर दिए और यात्रियों से एयरपोर्ट जाने से पहले अपनी एयरलाइन से उड़ान की स्थिति की पुष्टि करने को कहा. रे जदल्लाह के मुताबिक, करीब 60 दमकल वाहन और लगभग 200 फायर रेस्क्यूकर्मी मौके पर पहुंचे. टीमों ने तलाशी, बचाव और आग बुझाने का काम शुरू किया.
हादसे की जांच फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन यानी एफएए और नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड यानी एनटीएसबी करेगा. एनटीएसबी ने बताया कि उसने जांच के लिए अपनी टीम भेज दी है.
अमेजन ने बयान जारी कर कहा कि विमान लैंडिंग की कोशिश के दौरान एक घटना का शिकार हुआ. कंपनी ने फिलहाल किसी की मौत या घायल होने की जानकारी नहीं दी है और कहा कि वह स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर घटना की जानकारी जुटा रही है. पिछले साल भी एक यूपीएस विमान हादसे में 3 पायलट और जमीन पर मौजूद 12 लोगों की मौत हुई थी, जबकि 23 लोग घायल हुए थे.
