ICC रैंकिंग में स्मृत‍ि मंधाना का धमाका, बन गईं नंबर 1 ODI बल्लेबाज

महिला क्रिकेट की ताजा ICC रैंकिंग में बड़ा उलटफेर देखने को मिला है. मंगलवार (3 फरवरी) को जारी नई वनडे रैंकिंग में भारत की स्टार ओपनर स्मृत‍ि मंधाना दुनिया की नंबर-1 बल्लेबाज बन गई हैं. मंधाना ने 790 रेटिंग पॉइंट्स के साथ साउथ अफ्रीका की कप्तान लॉरा वॉल्वार्ट को पीछे छोड़ा. दोनों के समान 790 अंक हैं, लेकिन हालिया प्रदर्शन के आधार पर मंधाना टॉप पर पहुंचीं. उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज में 58 और 31 रन की पारियां खेलीं, जो उन्हें नंबर-1 तक ले जाने के लिए काफी रहीं. लॉरा को मार्च-अप्रैल में न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज में फिर से नंबर-1 बनने का मौका मिलेगा.

गेंदबाजी रैंकिंग में ऑस्ट्रेलिया की लेग स्पिनर अलाना किंग (Alana King) ने इतिहास रच दिया. 775 रेटिंग पॉइंट्स के साथ वह पहली बार नंबर-1 बनीं. यह उनका करियर बेस्ट भी है. किंग ने तीन वनडे मैचों में 16.71 की औसत से 7 विकेट झटके. तीसरे वनडे में 10 ओवर में 4/33 का प्रदर्शन करते हुए उन्होंने मेजबान टीम को 185 रन की बड़ी जीत दिलाई. इस प्रदर्शन के साथ उन्होंने इंग्लैंड की स्पिनर सोफी एक्लेस्टोन का लगभग चार साल पुराना नंबर-1 का राज खत्म कर दिया.ऑस्ट्रेलिया ने घरेलू मैदान पर पहले तीन टी20 में से दो गंवाए, लेकिन वनडे सीरीज 3-0 से अपने नाम की. टीम को बेथ मूनी, ऐश गार्डनर और कप्तान एल‍िसा हीली (Alyssa Healy) से खेल में शानदार सपोर्ट मिला.

हीली ने अपने आखिरी वनडे में शतक जमाया और 744 रेटिंग पॉइंट्स के साथ चौथे स्थान पर रहते हुए वनडे करियर को अलविदा कहा. उनसे ऊपर मूनी (749) और नीचे गार्डनर (724) हैं.ऑलराउंडर रैंकिंग में ऐश गार्डनर 516 अंकों के साथ नंबर-1 पर काबिज हैं.

सीरीज 0-3 से गंवाने के बावजूद भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर को फायदा हुआ. 53, 54 और 25 रन की पारियों की बदौलत वह चार स्थान ऊपर चढ़कर 652 अंकों के साथ नौवें नंबर पर पहुंच गईं.

साउथ अफ्रीका और पाकिस्तान के बीच हुई वनडे सीरीज में भी कई खिलाड़ियों को फायदा हुआ. पाकिस्तान की साद‍िया इकबाल पांच स्थान चढ़कर 583 अंकों के साथ 14वें नंबर पर पहुंचीं. फात‍िमा सना ऑलराउंडर रैंकिंग में पांच स्थान ऊपर चढ़कर 15वें (180) नंबर पर पहुंच गईं.

न्यूजीलैंड और जिम्बाब्वे के बीच घरेलू टी20 सीरीज के बाद भी बदलाव देखने को मिला. मेली केर सात स्थान चढ़कर बल्लेबाजी में आठवें स्थान पर पहुंचीं. महिला क्रिकेट की ताजा रैंकिंग ने साफ कर दिया है कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रतिस्पर्धा और भी कड़ी हो गई है. आने वाले महीनों में कई और बदलाव देखने को मिल सकते हैं.