हिमाचल में बर्फबारी, हैवी स्नोफॉल का अलर्ट, हिमस्खलन का भी बढ़ा खतरा

राष्ट्रीय

हिमाचल प्रदेश में सोमवार को रोहतांग, बारालाचा और अन्य उच्च पर्वत चोटियों पर ताजा हिमपात हुआ। शिमला सहित अन्य क्षेत्रों में भी बादल छाए रहे और मौसम ठंडा बना रहा। मौसम विभाग के अनुसार, आज मंगलवार को प्रदेश के ऊंचे क्षेत्रों में बर्फबारी और वर्षा की संभावना जताई गई है। इसके अलावा, कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश हो सकती है और बादल भी रहेंगे। 12 मार्च को भी कुछ इलाकों में हल्के हिमपात की संभावना है। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है कि 13, 14 और 15 मार्च को प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में आंधी, बर्फबारी और बारिश का असर देखने को मिल सकता है। इस दौरान बर्फबारी और भारी बारिश के कारण यातायात और आम जीवन पर असर पड़ सकता है। प्रदेश में भारी हिमपात के कारण हिमस्खलन का खतरा भी बढ़ गया है। रोहतांग के दोनों छोर, साउथ और नॉर्थ पोर्टल पर करीब चार फीट ऊंची बर्फ के ढेर जमा हो गए हैं। इससे अटल टनल के दोनों छोर पर वाहनों की आवाजाही पर असर पड़ा है। सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) ने फिलहाल एकतरफा यातायात बहाल किया है, लेकिन भारी बर्फबारी के कारण यह मार्ग अभी पूरी तरह से सुरक्षित नहीं है। पिछले शनिवार को भी इस मार्ग पर हिमस्खलन हुआ था, जिससे यातायात में रुकावट आई थी।