केदारनाथ में बर्फबारी, तापमान माइनस 8°C, एमपी के 11 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट
उत्तराखंड के केदारनाथ धाम में बुधवार को बर्फबारी हुई। इसके चलते गुरुवार सुबह तापमान -8°C तक पहुंच गया। कड़ाके की ठंड से पानी की पाइपलाइन जम गई, जिससे लोगों को समस्या हो रही है। राज्य के 4 जिलों में बारिश होने की संभावना है। केरल के तिरुवनंतपुरम में गुरुवार सुबह परसाला रेलवे स्टेशन के पास लैंडस्लाइड से बिलासपुर-तिरुनेलवेली एक्सप्रेस का इंजन पटरी से उतर गया। बारिश के बीच यह हादसा हुआ। मौसम विभाग ने बुधवार को तिरुवनंतपुरम में बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया था। वहीं, 22 से 25 अक्टूबर तक भारी बारिश का येलो अलर्ट है।
मध्य प्रदेश के इंदौर, आलीराजपुर, धार, बड़वानी और खरगोन समेत 11 जिलों में आज बारिश का अलर्ट है। इस दौरान 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चल सकती है। 24 अक्टूबर से नए मौसम सिस्टम का असर प्रदेश के उत्तर-पश्चिमी में दिखेगा। अगले 2 दिन इंदौर संभाग और नर्मदापुरम में भी बारिश हो सकती है।
