उत्तराखंड में बर्फबारी, केदारनाथ में तापमान माइनस 2°C:MP में भोपाल-सीहोर में बारिश
उत्तराखंड के चमोली के हेमकुंड साहिब में बर्फबारी हुई। वहीं, केदारनाथ और रुद्रनाथ में भी ओलों के साथ हल्की बर्फबारी हुई। इससे पहाड़ी इलाकों में तापमान गिरने के साथ ठंड बढ़ गई है। केदारनाथ में आज सुबह तापमान माइनस 2°C रिकॉर्ड किया गया। मध्य प्रदेश में गुरुवार को भोपाल, सीहोर और देवास में तेज बारिश हुई। प्रदेश में दक्षिण-पश्चिम मानसून अब अपने अंतिम चरण में पहुंच गया है। सितंबर के आखिरी सप्ताह से मानसून की विदाई शुरू हो जाएगी। मौसम विभाग के मुताबिक, 21 सितंबर तक राज्य में बारिश और आंधी का दौर जारी रहेगा।
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में रुक-रुककर बारिश जारी है। कानपुर में करीब आधे घंटे तक 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं। कई पेड़ टूटकर सड़कों पर गिर गए। इसके बाद भारी बारिश हुई। बरेली में भी धूलभरी आंधी चली। करीब 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली हवाओं से कई पेड़ उखड़ गए।
बिहार में मौसम विभाग ने 13 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। राज्य के ज्यादातर हिस्सों में मौसम उमस भरा रहने की संभावना है। प्रदेश में बाढ़ से अब तक करीब 50 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हैं।
