अमेरिका के 15 राज्यों में बर्फीले तूफान का खतरा, इमरजेंसी घोषित, 20 करोड़ लोगों पर संकट
अमेरिका में बर्फीले तूफान की चेतावनी के बाद 15 राज्यों में इमरजेंसी ने घोषित कर दी गई है। वहीं दो दिनों में 7000 से ज्यादा फ्लाइट्स कैंसिल हो चुकी हैं। नेशनल वेदर सर्विस (NWS) के मुताबिक, 20 करोड़ यानी करीब दो-तिहाई अमेरिकी इस तूफान की चपेट में आ सकते हैं। तूफान के डर से लोग ग्रॉसरी स्टोर पर जमा हो रहे हैं। कई दुकानों में पानी, अंडे, मक्खन और मीट की कमी हो गई है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि तूफान के साथ भारी बर्फबारी, बारिश और ठंड आएगी, जिससे हालात बेहद खतरनाक हो सकते हैं। ट्रांसपोर्टेशन अधिकारियों ने वीकेंड पर यात्रा में देरी और कैंसिलेशन की चेतावनी दी है। कई बड़े शहरों के एयरपोर्ट भी इससे प्रभावित हुए हैं। फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट फ्लाइटअवेयर के अनुसार, शनिवार को अमेरिका में 3,200 से अधिक उड़ानें और रविवार को करीब 4,800 से उड़ानें रद्द हुईं।
मौसम विभाग के मुताबिक यह तूफान अमेरिका के हाई प्लेन्स से शुरू होकर धीरे-धीरे पूर्व की ओर बढ़ेगा। इसके असर से मेम्फिस, नैशविल, वॉशिंगटन डीसी, बाल्टीमोर, फिलाडेल्फिया और न्यूयॉर्क जैसे बड़े शहरों में बर्फबारी होगी। सदर्न रॉकीज और प्लेन्स से लेकर मिड-अटलांटिक होते हुए नॉर्थ-ईस्ट तक भारी बर्फ गिरने का अनुमान है। NWS के अनुसार, कोलोराडो से लेकर वेस्ट वर्जीनिया और बोस्टन तक कई इलाकों में 12 इंट से ज्यादा बर्फ पड़ सकती है। न्यूयॉर्क शहर के आसपास के कुछ हिस्सों में रविवार सुबह से सोमवार तक 10 से 14 इंच बर्फबारी हो सकती है और 30 मील प्रति घंटे की हवाएं चल सकती हैं। दक्षिण-पूर्वी अमेरिका के बड़े हिस्से में भी जमने वाली ठंड होगी।
अमेरिका के कई राज्य इस समय भीषण ठंडी हवाओं से जूझ रहे हैं। इसकी बड़ी वजह पोलर वोर्टेक्स (ध्रुवीय भंवर) को माना जा रहा है। पोलर वोर्टेक्स में हवाएं काउंटर क्लॉकवाइज (घड़ी की उल्टी दिशा) बहती हैं। पोलर वोर्टेक्स भौगोलिक संरचना के कारण आमतौर पर नॉर्थ पोल के चारों ओर घूमता है, लेकिन जब यह दक्षिण की तरफ बढ़ता है तो अमेरिका, यूरोप और एशिया में भारी ठंड लाता है।
जब पोलर वोर्टेक्स चल रहा हो, तब घर से बाहर निकलना बेहद खतरनाक साबित हो सकता है। इस वक्त बिना विंटर किट के बाहर निकलने पर 5 से 7 मिनट में दिल का दौरा पड़ सकता है। इसके अलावा स्किन जम सकती है। ऐसे मौसम में गाड़ी भी स्टार्ट नहीं होती हैं। इससे बचने का सिर्फ एक ही उपाय है कि जब ध्रुवीय हवाएं चल रही हों, तब घर के भीतर ही रहें। कुछ रिसर्च से पता चला है कि बीते कुछ सालों में आर्कटिक तेजी से गर्म हो रहा है, जिससे पोलर वोर्टेक्स दक्षिण की तरफ शिफ्ट हो रहा है।
