1 मेजर सहित 10 सैनिकों की मौत, पाकिस्तानी सेना पर BLA का अबतक का सबसे बड़ा हमला
पाकिस्तानी सेना पर बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (BLA) ने बड़ा हमला किया है। बीएलए का दावा है कि उसने पाकिस्तानी सेना के एक मेजर सहित कम से कम 10 सैनिकों को मार गिराया है। बीएलए ने ये हमले पूरे बलूचिस्तान में किया है। हाल के दिनों में बीएलए और पाकिस्तानी सेना के बीच कई झड़पें हुईं हैं। जिसमें दोनों से दर्जनों सैनिक और लड़ाके मारे गए हैं। बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी ने दावा किया है कि उसने पूरे बलूचिस्तान में पाकिस्तानी सुरक्षा बलों पर कई हमले किए। एक बयान में कहा गया है कि बलूचिस्तान के चामलंग के ‘बाला डाक’ इलाके में बीएलए के लड़ाकों ने एक सटिक हमले में कब्जा करने वाली पाकिस्तानी सेना के काफिले को निशाना बनाया, जिसमें पाकिस्तानी मेजर सहित 10 सैनिक मारे गए।
BLA की ओर से मिली जानकारी के अनुसार, बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी के लड़ाकों ने पहले पाकिस्तानी सेना के काफिले में चल रही आगे की गाड़ी को बम से उड़ा दिया, इसके बाद जैसे ही काफिला रुका गोलियों की बारिश कर दी। इस हमले को पाकिस्तानी सुरक्षा बलों की उस कार्रवाई का जवाब माना जा रहा है, जिसमें वो BLA को निशाना बना रहे हैं। हाल ही में बीएलए को भी भारी नुकसान हुआ है। उसके कई लड़ाके मारे गए हैं। दोनों से हमलों का दौर जारी है, जिसमें बीएलए पाकिस्तानी सेना पर भारी पड़ता दिख रहा है।
बलूच लिबरेशन आर्मी ने 10 दिनों में पाकिस्तान के 42 सैनिकों का मार गिराया है। ऐसा बीएलए की तरफ से दावा किया गया है। दावे में कहा गया कि उसने 15 अप्रैल से 25 अप्रैल के बीच पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत के कई जिलों में 27 ऑपरेशनों को अंजाम दिया है। इसमें कम से कम 42 पाकिस्तानी सैन्य कर्मियों की मौत हुई है।
