वंदे मातरम् की जगह ये गाना कैसे बज गया? 4 मिनट तक खड़े रहे लोग, फिर एकानाथ शिंदे ने मांगी माफी

महाराष्ट्र के ठाणे में एक सरकारी कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे भी मौजूद थे. लेकिन इसी दौरान बड़ी चूक हो गई. हुआ यूं कि कार्यक्रम में वंदे मातरम बजना था, लेकिन स्पीकर पर अचानक लता मंगेशकर के एल्बम का गीत बजने लगा. हैरानी की बात की यह थी कि गाना करीब 4 मिनट तक बजा और सभी अपनी-अपनी जगह पर सीधे खड़े नजर आए.

जैसे ही गाना शुरू हुआ उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के हाव-भाव थोड़े बदले नजर आए. इससे ये महसूस हुआ कि कार्यक्रम के तय क्रम में कुछ गड़बड़ी हो गई है. हालांकि, उन्होंने उस दौरान कोई प्रतिक्रिया देने के बजाय सभा की गरिमा बनाए रखी और सभी की तरह खड़े रहे.

जानकारी के मुताबिक, कार्यक्रम में वंदे मातरम् बजाने की तैयारी थी, लेकिन तकनीकी या संचालन से जुड़ी चूक के चलते उसकी जगह लता मंगेशकर का गीत बज गया. सभी लोग वहां गाना खत्म होने का इंतजार कर रहे थे. करीब चार मिनट के बाद जब गीत समाप्त हुआ, तब कार्यक्रम आगे बढ़ाया गया.

इतनी बड़ी गलती होने के बाद एकनाथ शिंदे ने मंच से सभी से माफी मांगी. साथ ही उन्होंने संबंधित लोगों को भविष्य में ऐसी चूक नहीं दोहराने की हिदायत भी दी. शिंदे के इस रुख से साफ संकेत मिला कि कार्यक्रम में हुई गलती को गंभीरता से लिया गया.

सभी जानते हैं कि वंदे मातरम् को लेकर देश में इस समय राजनीतिक बहस भी चल रही है. ऐसे में महाराष्ट्र के एक सरकारी कार्यक्रम में राष्ट्र गीत के बजाय अचानक एक फिल्मी-एल्बम गीत बज जाने की घटना ने लोगों का ध्यान खींच लिया है. सोशल मीडिया पर भी इस घटनाक्रम की चर्चा होने लगी है और लोग कार्यक्रम का वीडियो साझा कर रहे हैं.
हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि वंदे मातरम् की जगह गीत बजने की वजह तकनीकी खराबी थी. फिलहाल सबसे ज्यादा चर्चा इसी बात की है कि जिस मौके पर वंदे मातरम् बजना था, वहां अचानक लता मंगेशकर का गीत कैसे बज गया. एकनाथ शिंदे की सार्वजनिक माफी और आगे ऐसी गलती न होने की हिदायत के बाद अब सबकी नजर इस बात पर है कि इस चूक की सही वजह क्या थी.