‘सपा आई तो मंदिर में भी नमाज पढ़वा देंगे अखिलेश…’, पुराने कार्यकाल को याद दिलाकर राजभर ने घेरा
उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव होने में अब चार महीने से भी कम का समय बचा है। ऐसे में प्रदेश की सियासत में अयोध्या इन दिनों सियासी केंद्र बना हुआ है। समाजवादी पार्टी (SP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सत्ता में वापसी होने पर अयोध्या को सनातन तीर्थ की वैश्विक राजधानी बनाने का वादा किया है। उनके इस बयान के बाद बीजेपी और सपा के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। अब यूपी सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव पर निशाना साधा है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब अखिलेश यादव 2012 से 2017 तक मुख्यमंत्री थे, तब उन्होंने अयोध्या के लिए क्या किया? राजभर ने तंज कसते हुए कहा कि पांच साल सत्ता में रहने के दौरान अखिलेश ने अयोध्या के लिए कुछ नहीं किया। उनके इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर अयोध्या को लेकर बयानबाजी तेज हो गई है।
ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि अखिलेश यादव खुद पांच साल तक मुख्यमंत्री रहे। ऐसे में उन्हें बताना चाहिए कि उन्होंने अपने कार्यकाल में अयोध्या के लिए क्या काम किया था। राजभर ने आरोप लगाया कि उस समय उनकी सरकार की एकमात्र उपलब्धि हनुमानगढ़ी में नमाज पढ़वाना थी। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अगर अखिलेश दोबारा सत्ता में आए तो मंदिर के अंदर भी नमाज पढ़वा देंगे। दरअसल, अखिलेश यादव ने 12 दिसंबर को अपने परिवार के साथ अयोध्या जाने का ऐलान किया है। इससे पहले बीजेपी नेता पंकज चौधरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर सपा प्रमुख पर निशाना साधा था। उन्होंने अखिलेश पर तुष्टिकरण की राजनीति करने और आस्था से ज्यादा राजनीतिक फायदे को महत्व देने का आरोप लगाया था।
बीजेपी नेता के आरोपों पर अखिलेश यादव ने भी बिना किसी का नाम लिए जवाब दिया। उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में अपने विरोधियों को ‘राजनीति के खानाबदोश व्यापारी’ बताया। अखिलेश ने लिखा कि चुनाव आते ही कुछ लोग सामने आ जाते हैं और अपने आकाओं के इशारे पर बयान देने लगते हैं। उन्होंने सवाल किया कि जब उनके करीबियों पर अत्याचार होता है, तब ये लोग कहां गायब हो जाते हैं?
अखिलेश यादव ने सोमवार को एक्स पर पोस्ट कर कहा था कि अगर सपा की सरकार बनती है तो अयोध्या को ‘सनातन तीर्थ की वैश्विक राजधानी’ बनाया जाएगा। उन्होंने राम मंदिर के प्रबंधन में पारदर्शिता लाने, शहर में विश्वस्तरीय सुविधाएं विकसित करने और स्थानीय कारोबार को बढ़ावा देने का वादा किया।
सपा प्रमुख ने राम मंदिर के आसपास जमीन की खरीद-फरोख्त में कथित गड़बड़ियों की जांच कराने की बात भी कही। उन्होंने दावा किया कि अयोध्या में श्रद्धालुओं की संख्या लगातार घट रही है और राम मंदिर से जुड़े कथित जमीन विवादों के कारण स्थानीय कारोबार पर असर पड़ा है। अखिलेश ने कहा कि उनकी पार्टी सत्ता में आने पर इन समस्याओं को दूर कर अयोध्या की गरिमा और अर्थव्यवस्था को फिर से मजबूत करेगी।
उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए अयोध्या को लेकर बीजेपी और सपा के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। सपा जहां अयोध्या के विकास, मंदिर प्रबंधन और जमीन सौदों की जांच को मुद्दा बना रही है, वहीं बीजेपी के नेता अखिलेश यादव के पुराने कार्यकाल और उनकी राजनीति पर सवाल उठा रहे हैं। दो चुनावों में हार के बाद सपा सत्ता में वापसी की कोशिश में जुटी है। ऐसे में आने वाले दिनों में अयोध्या का मुद्दा चुनावी राजनीति में और गर्माने की संभावना है।
