क्रिस्टियानो रोनाल्डो की पुर्तगाल के सामने स्पेन, FIFA वर्ल्ड कप में तीसरी बार भिड़ेंगे

FIFA वर्ल्ड कप 2026 के ‘राउंड ऑफ 16’ में क्रिस्टियानों रोनाल्डो की पुर्तगाल का सामना स्पेन से होगा। 2018 के वर्ल्ड कप में आखिरी बार दोनों की भिड़ंत हुई थी। तब मैच 3-3 से ड्रॉ रहा था। इस मैच में रोनाल्डो ने हैट्रिक गोल मारे थे। पुर्तगाल के स्ट्राइकर रोनाल्डो शानदार फॉर्म में हैं। वे इस टूर्नामेंट में 3 गोल कर चुके हैं। यह मैच डलास स्टेडियम में आज रात 12:30 बजे से खेला जाएगा।

दूसरा मुकाबला मेजबान अमेरिका और बेल्जियम के बीच होगा। मैच सुबह 5:30 बजे से सिएटल स्टेडियम में होगा। पुर्तगाल और स्पेन के बीच 41 इंटरनेशनल मुकाबले खेले गए हैं। इनमें स्पेन ने 18 और पुर्तगाल ने 7 मैच जीते हैं। 16 मुकाबले ड्रॉ रहे हैं।

FIFA वर्ल्ड कप में दोनों टीमें तीसरी बार आमने-सामने होंगी। इससे पहले 2018 के वर्ल्ड कप में मुकाबला 3-3 से ड्रा रहा था। वहीं 2010 वर्ल्ड कप में स्पेन ने 1-0 से जीत दर्ज की थी। पुर्तगाल और स्पेन दोनों ही टीमें इस टूर्नामेंट में अब तक अजेय रही है। पुर्तगाल को 4 मैचों में 2 जीत मिली। 2 मुकाबले ड्रॉ रहे। ग्रुप स्टेज में टीम ने उज्बेकिस्तान को 5-0 से हराया। वहीं कोलंबिया से 0-0 और कांगो डीआर से 1-1 से ड्रॉ खेला। राउंड ऑफ 32 में टीम ने क्रोएशिया को 2-1 से हराया।

दूसरी ओर स्पेन के खिलाफ कोई भी टीम गोल नहीं कर सकी है। टीम ने ग्रुप स्टेज में सऊदी अरब को 4-0, उरुग्वे को 1-0 से हराया। काबो वर्डे से मुकाबला 0-0 से ड्रॉ रहा। स्पेन ने राउंड ऑफ 32 में ऑस्ट्रिया को 3-0 से हराया।

पुर्तगाल को स्टार खिलाड़ी और कप्तान रोनाल्डो से गोल की उम्मीद होगी। वहीं स्पेन की टीम अपने युवा स्टार विंगर लामीन यमाल और अभेद डिफेंस पर निर्भर होगी।