वलसाड-खड़गपुर के बीच चलेगी स्पेशल ट्रेन, गर्मी में बढ़ती हुई भीड़ को देखकर रेलवे ने लिया फैसला
गर्मी की छुट्टियों में बढ़ी भीड़ को देखते हुए रेलवे ने यात्रियों को राहत देने के लिए वलसाड-खड़गपुर के बीच स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है। वहीं भिलाई के खुर्सीपार रेलवे फाटक पर मरम्मत कार्य के कारण 2 मई तक सड़क यातायात बंद रहेगा। रेलवे के अनुसार गाड़ी संख्या 09043 वलसाड-खड़गपुर स्पेशल 26 अप्रैल को वलसाड से चलेगी, जबकि 09044 खड़गपुर-वलसाड स्पेशल 28 अप्रैल को खड़गपुर से रवाना होगी। यह ट्रेन गोंदिया, दुर्ग, रायपुर और बिलासपुर समेत कई प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी। ट्रेन में जनरल, स्लीपर और एसी-3 कोच मिलाकर कुल 20 कोच लगाए गए हैं, जिससे यात्रियों को कंफर्म सीट मिलने में राहत मिलेगी।
भिलाई-भिलाई नगर रेलखंड के खुर्सीपार रेलवे फाटक पर मरम्मत कार्य चल रहा है। इस कारण यहां सड़क वाहनों की आवाजाही अब 2 मई रात 8 बजे तक बंद रहेगी। पहले यह बंदी 27 अप्रैल तक तय थी, लेकिन काम पूरा नहीं होने के कारण अवधि बढ़ाई गई है।
रेलवे ने यात्रियों से ट्रेन की समय-सारिणी देखकर यात्रा करने और फाटक बंद रहने के दौरान वैकल्पिक रास्तों का उपयोग करने की अपील की है।
स्पेशल ट्रेन चलने से यात्रियों को गर्मी की भीड़ में राहत मिलेगी, जबकि खुर्सीपार फाटक बंद रहने से आसपास के लोगों को कुछ दिनों तक परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
