श्रीसंत का IPL ‘थप्पडकांड’ पर फ‍िर फूटा गुस्सा, हरभजन स‍िंह को INSTA पर किया ब्लॉक, बोले- कोई रिश्ता नहीं

IPL इतिहास का सबसे विवादित अध्याय 2008 का थप्पड़कांड एक बार फिर सुर्खियों में है. इस बार वजह बने हैं पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज एस श्रीसंत, जिन्होंने हरभजन सिंह पर गंभीर आरोप लगाए हैं. क्रिकेटर श्रीसंत ने दावा किया है कि हरभजन ने उसी थप्पड़कांड विवाद पर आधारित एक टीवी विज्ञापन से ₹80 लाख से ₹1 करोड़ तक की कमाई की. यही नहीं, उन्होंने यह भी कहा कि भज्जी ने उन्हें उस विज्ञापन को अपने सोशल मीडिया पर प्रमोट करने के लिए कहा, जो उन्हें बिल्कुल पसंद नहीं आया.

एक इंटरव्यू में श्रीसंत ने पहली बार खुलकर इस मुद्दे पर बात करते हुए कहा- मैंने हमेशा उन्हें माफ किया, लेकिन कभी भूल नहीं पाया. अगर आप भूल जाते हैं, तो सामने वाला वही गलती फिर करता है.

यह घटना 2008 में IPL के पहले सीजन के दौरान हुई थी, जब मुंबई इंड‍ियंस और किंग्स इलेवन पंजाब के मैच के बाद हरभजन सिंह ने श्रीसंत को थप्पड़ मार दिया था. इस घटना के बाद श्रीसंत मैदान पर रोते हुए नजर आए थे. मामले ने तूल पकड़ा और हरभजन सिंह पर पूरे सीजन का बैन लगा, साथ ही उनकी मैच फीस भी काटी गई. यह IPL का पहला बड़ा विवाद बना, जिसने टूर्नामेंट की छवि पर भी असर डाला.

श्रीसंत ने साफ कहा कि अब उनका हरभजन सिंह से कोई रिश्ता नहीं है. मैं उन्हें भाई मानता था, लेकिन अब मैंने उन्हें इंस्टाग्राम पर ब्लॉक कर दिया है. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि हरभजन की सार्वजनिक छवि और असल व्यवहार में फर्क है. उनके मुताबिक, टीवी इंटरव्यू और पब्लिक प्लेटफॉर्म पर दिखने वाली दोस्ती ‘सिर्फ एक्ट’ है.

इस विवाद को और हवा तब मिली जब पूर्व IPL कमिश्नर लल‍ित मोदी ने हाल ही में इस घटना का हाई-डेफिनिशन वीडियो जारी किया. लगभग दो दशक बाद सामने आए इस फुटेज ने फिर बहस छेड़ दी.
हालांकि, हरभजन सिंह पहले ही इस घटना को अपनी गलती मान चुके हैं और अफसोस जता चुके हैं, लेकिन श्रीसंत का मानना है कि माफी का कोई मतलब नहीं रह जाता जब उसी घटना से आर्थिक फायदा उठाया जाए.