श्रीलंका फॉलोऑन के बाद भारत से 16 रन आगे, स्कोर-229/6
भारत के खिलाफ कोलंबो टेस्ट में फॉलोऑन खेल रही श्रीलंका ने दूसरी पारी में 229/6 रन बनाए हैं। टीम ने भारत की पहली पारी के स्कोर से 16 रन की बढ़त हासिल कर ली है। सोनल दिनूषा 7 और केशरा नुवनथा 3 रन पर नाबाद हैं।
बुधवार को बारिश की वजह से चौथे दिन खेल समाप्त करना पड़ा। पसिंदु सोरियाबंडारा 92 रन बनाकर आउट हुए। कप्तान धनंजय डी सिल्वा 23 रन ही बना सके। दोनों को मानव सुथार ने आउट किया। निरोशन डिकवेला 6 रन पर सारांश जैन, कमिंदु मेंडिस 55 रन पर प्रसिद्ध कृष्णा, कमिल मिशारा 32 रन पर रवींद्र जडेजा और लाहिरू उदारा 3 रन पर मोहम्मद सिराज की बॉल पर पवेलियन लौटे।
भारत ने पहली पारी में 503/9 पर पारी घोषित की थी। जवाब में श्रीलंका 290 रन पर ऑलआउट हुआ था। भारत को 213 रन की बढ़त मिली, जिसके बाद फॉलोऑन दिया गया।
कोलंबो टेस्ट के चौथे दिन एक बार फिर बारिश ने खेल रोक दिया। पिछले करीब आधे घंटे से आसमान में बादल छाए हुए थे और अब बारिश शुरू हो गई, जिसके बाद ग्राउंड स्टाफ ने मैदान पर कवर्स डाल दिए और खिलाड़ी बाहर चले गए।
निरोशन डिकवेला के आउट होने के बाद सोनल दिनुषा और केशरा नुवान्था ने 8.2 ओवर में 11 रन जोड़े हैं। श्रीलंका का स्कोर 6 विकेट पर 229 रन है। भारत ने दिनभर कड़ी मेहनत के बाद मानव सुथार के दो विकेट से मैच पर फिर पकड़ बनाई है। श्रीलंका पहली पारी के मुकाबले अभी भी सिर्फ 16 रन आगे है।
