MP-UP समेत 11 राज्यों में आंधी-बारिश, आगरा में सड़क-फुटपाथ धंसे, कार-ट्रैक्टर गड्ढे में पलटे
देशभर में आंधी-बारिश से पारा 40°C के नीचे आ गया है। मंगलवार को उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, बिहार, उत्तराखंड, झारखंड, छत्तीसगढ़, जम्मू-कश्मीर, कर्नाटक, तमिलनाडु और गुजरात में बारिश हुई। यूपी के आगरा में करीब एक घंटे तक तेज बारिश से सड़कें और फुटपाथ धंस गए। इसमें ट्रैक्टर-ट्रॉली, कारें और ट्रक पलट गए। एमपी के सिंगरौली में बिजली गिरने से किशोर की और नीमच में जर्जर मकान की छत गिरने से मां-बेटे की मौत हो गई। जम्मू-कश्मीर के डोडा, किश्तवाड़ और पुंछ जिलों में बादल फटे। इससे सड़कें जाम हो गईं, रिहायशी इलाके पानी में डूब गए और गाड़ियां मलबे में फंस गईं। अनंतनाग जिले में आंधी में पेड़ गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई।
मौसम विभाग ने बताया कि मानसून 4 जून को केरलम के तट पर पहुंच सकता है। पहले 26 मई को केरलम पहुंचने का अनुमान था। मानसून आमतौर पर 1 जून के आसपास केरलम पहुंचता है और अगले डेढ़ महीने में पूरे देश को कवर करता है।
मौसम विभाग के मुताबिक, 2 से 6 जून के बीच केरलम के ज्यादातर हिस्सों में बारिश होगी। मंगलवार को मलप्पुरम, कोझिकोड और वायनाड में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। बाकी 11 जिलों में यलो अलर्ट है।
अगले दो दिन के मौसम का हाल
4 जून:
राजस्थान, गुजरात, पश्चिमी मध्य प्रदेश, ओडिशा और तटीय आंध्र प्रदेश में आंधी-तूफान की आशंका के साथ ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
शनिवार तक अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, केरलम, कर्नाटक, लक्षद्वीप, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में तेज बारिश होने का अनुमान है।
जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, मध्य महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश में कुछ जगहों पर आंधी-तूफान के साथ ओले गिरने का भी अनुमान लगाया है।
5 जून:
पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कई हिस्सों में 40-50kmph की रफ्तार से हवा चल सकती है।
मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड और बिहार के कुछ क्षेत्रों में बारिश और आंधी की स्थिति रह सकती है।
केरलम, कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी और आंध्र प्रदेश में बारिश का अनुमान है। तटीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं तेज बारिश भी हो सकती है।
असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में बारिश और आंधी-तूफान का असर रहेगा।
