चाय के शौकीन लोग न सिर्फ भारत, बल्कि दुनियाभर में पाए जाते हैं। यह एक ऐसा पेय है, जिसे चाय की पत्तियों की मदद से अलग-अलग देशों में अलग-अलग तरीके से बनाया जाता है।
इंडोनेशिया- सिविट चाय
इंडोनेशिया में एक अजीबो-गरीब चाय का सेवन किया जाता है, जो बेहद दुर्लभ और महंगी होती है। इस चाय को ‘बग-पूप टी’, ‘कोपी-लूवक’ और ‘सिविट-कॉफी’ भी कहते हैं। इस चाय को बिल्लियों की एक प्रजाति सिविट के मल से बनाया जाता है। यह बिल्ली कॉफी बीन्स को खाती है और मलत्याग के बाद इन बीन्स को जमा करके सुखाया और पीसा जाता है। देखा जाए तो यह चाय के बजाए कॉफी है, लेकिन लोग इसे चाय भी कहते हैं।
अरुणाचल प्रदेश – पांगा गोबर चाय
भारत में चाय को पेय पदार्थ से ज्यादा एक भावना माना जाता है। देशभर में कई तरह की चाय पी जाती हैं, जिनमें काहवा और नून-चाय जैसी कई विविधताएं शामिल हैं। इसी कड़ी में अरुणाचल प्रदेश में एक चौका देने वाली चाय पी जाती है, जिसे पांगा गोबर चाय कहते हैं। इसे बनाने के लिए चाय की पत्तियों को पानी और भैंस के गोबर में पकाया जाता है। माना जाता है कि इस चाय में कई औषधीय गुण होते हैं।
नेपाल – याक के दूध से बने मक्खन की चाय
तिब्बत और नेपाल के पहाड़ी इलाकों में फर्मेंटेड याक मक्खन के साथ चाय को एक नया स्वाद दिया जाता है। इस पारंपरिक पेय को ‘पो चा’ या ‘बटर टी’ के नाम से भी जाना जाता है। इस अनोखी चाय को बनाने के लिए नमक, याक के दूध से बने मक्खन और चाय की पत्तियों को एक साथ मथा जाता है। ऐसा करने से एक मलाईदार मिश्रण तैयार होता है, जो पहाड़ों की कठोर ठंड में शरीर को गर्मी पहुंचाता है।
मोरक्को- टमाटर की चाय
टमाटर एक ऐसी सब्जी है, जिसका स्वाद खट्टा और मीठा होता है। हालांकि, इस सब्जी की मदद से मोरक्को में चाय भी बनाई जाती है। जी हां, अफ्रीका में बसे इस देश में टमाटर के खट्टे-मीठे स्वाद को पुदीने के ताजगी देने वाले स्वाद के साथ मिलाकर चाय तैयार की जाती है। टमाटर मोरक्को के खान-पान में इस्तेमाल होने वाली एक जरूरी सामग्री है, जिसके चलते ही इसे यहां की चाय में भी शामिल कर लिया गया था।
एशिया- चीज वाली चाय
चीज दूध से बना हुआ एक स्वादिष्ट फर्मेंटेड उत्पाद है, जिसे कई तरह के व्यंजनों में मलाईदार स्वाद जोड़ने के लिए इस्तेमाल किया जाता है। हालांकि, कुछ लोग इस सामग्री को अपनी चाय में भी शामिल करने लगे हैं। दरअसल, एशिया के कई देशों में पिछले कुछ सालों से चीज से बनी चाय की लोकप्रियता बढ़ती जा रही है। इस अनोखे पेय में पारंपरिक चाय के ऊपर झागदार चीज के फोम की एक परत रखी जाती है।